Haryana Weather: हरियाणा में कड़ाके की ठंड, आज से बदलेगा मौसम
बीती रात प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका सोनीपत जिला रहा। यहां कनाल रेस्ट हाउस, सरगथल (AWS) में न्यूनतम तापमान गिरकर 2.0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। पिछले 24 घंटों में यहां तापमान में 3.1 डिग्री सेल्सियस की बड़ी गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से आज रात से प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।
पूर्वानुमान के अनुसार 26 जनवरी की रात से 28 जनवरी तक हरियाणा के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 27 और 28 जनवरी को शीतलहर चलने का भी अनुमान है, जिससे दिन और रात दोनों समय तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। बारिश से जहां किसानों को रबी फसलों में आंशिक लाभ मिलने की उम्मीद है, वहीं ठंड बढ़ने से आम जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
मौसम विभाग ने 27 जनवरी को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। इस दिन कई इलाकों में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। तेज हवाओं के कारण खुले क्षेत्रों में नुकसान की आशंका जताई गई है। लोगों को पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर ढांचों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
इसके साथ ही 27, 28 और 29 जनवरी को प्रदेश के कुछ हिस्सों में शीतलहर की चेतावनी भी जारी की गई है। न्यूनतम तापमान में गिरावट के कारण सुबह और रात के समय ठंड का असर ज्यादा महसूस होगा। बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
