
गुरुग्राम-हिसार में सबसे कम तापमान
मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, गुरुग्राम में न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि हिसार और महेंद्रगढ़ में यह 16.7 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। वहीं, नारनौल में अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से करीब 6 डिग्री कम है। पलवल में अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री सेल्सियस रहा।
इन आंकड़ों से साफ है कि हरियाणा के कई जिलों में अब मौसम ठंडा होने लगा है, खासकर सुबह और रात के समय।
रबी की फसलों के लिए अनुकूल मौसम
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ने के बाद 14 अक्टूबर तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। दिन में हल्की धूप और रात में ठंडी हवा का यह मौसम रबी की फसलों जैसे सरसों, चना और गेहूं की बुआई के लिए बिल्कुल अनुकूल है।
उन्होंने किसानों को सलाह दी कि वे इस समय का सही उपयोग करें और जल्द बुआई करें ताकि उत्तम उत्पादन प्राप्त किया जा सके।
तीन दिन तक मौसम रहेगा शुष्क
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बीते दिनों हरियाणा में सक्रिय रहे पश्चिमी विक्षोभ के चलते कई स्थानों पर अधिक वर्षा हुई थी, लेकिन अब मौसम धीरे-धीरे शुष्क होता जा रहा है। इस कारण प्रदेश के उत्तरी और पूर्वी जिलों सहित लगभग सभी क्षेत्रों में रात का तापमान गिरने लगा है।
17 अक्टूबर तक राज्य में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। साथ ही, पंजाब से सटे क्षेत्रों में भी मौसम सामान्य बना हुआ है।