Haryana Weather: हरियाणा के इन जिलों में होगी झमाझम बारिश, अलर्ट जारी 
 
haryana weather
Haryana Weather: हरियाणा में मौसम ने करवट ले ली है और अब ठंड धीरे-धीरे अपना असर दिखाने लगी है। सुबह और शाम के समय तापमान में अचानक गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे लोगों ने गर्म कपड़े पहनने शुरू कर दिए हैं। कई स्कूलों ने भी छात्रों के लिए विंटर यूनिफॉर्म पहनने के निर्देश जारी कर दिए हैं। इस बीच, गुरुग्राम की रात इस सीजन की सबसे ठंडी रही, जहां न्यूनतम तापमान लगभग 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

भारत मौसम विभाग (IMD) ने हरियाणा के मौसम में एक और बदलाव की भविष्यवाणी की है। विभाग के अनुसार, आज रात से मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है और 5 नवंबर को राज्य के कुछ इलाकों में बारिश होने की संभावना है। पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि अन्य जिलों में बादल छाए रहेंगे। इस बदलाव से दिन का तापमान और नीचे जा सकता है, जिससे ठंड और अधिक महसूस होगी।

हिसार में रात का न्यूनतम तापमान 13.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो सामान्य से करीब 1.4 डिग्री कम है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आज से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसके चलते तापमान में गिरावट आएगी और प्रदेश में ठंड का असर बढ़ेगा।

हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण 4 नवंबर की रात से मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है। इस दौरान कुछ स्थानों पर बादल छाने और गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है।

उन्होंने आगे बताया कि 6 नवंबर से 9 नवंबर के बीच हरियाणा का मौसम फिर से शुष्क रहेगा। इस दौरान उत्तर और उत्तर-पश्चिम दिशा से हल्की से मध्यम गति की हवाएं चलेंगी। दिन का तापमान थोड़ा बढ़ सकता है, लेकिन रात का तापमान और गिरेगा। फिलहाल राज्य में रात का तापमान 13 डिग्री के आसपास पहुंच गया है, जो आने वाले दिनों में और नीचे जा सकता है।