Haryana Weather: हरियाणा में कोहरे को लेकर अलर्ट, चार जिलों में येलो वार्निंग जारी
मौसम विभाग के अनुसार, कुछ इलाकों में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन शीतलहर चलने की संभावना नहीं है। बीते दो-तीन दिनों से प्रदेश में मौसम में लगातार बदलाव देखा जा रहा है। कहीं हल्के बादल छाए हुए हैं तो कहीं सुबह-शाम कोहरे का असर देखने को मिल रहा है।
चार जिलों तक सीमित रहेगा कोहरा
चंडीगढ़ मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को कोहरे का प्रभाव केवल उत्तरी हरियाणा के चार जिलों तक ही सीमित रहेगा। अन्य जिलों में मौसम सामान्य बना रहेगा। हालांकि आज से बादलों की आवाजाही शुरू हो सकती है, जिससे अगले कुछ दिनों में मौसम में और बदलाव देखने को मिलेगा।
19 जनवरी से बदल सकता है मौसम
मौसम विभाग ने 19 जनवरी से प्रदेश में मौसम बदलने की संभावना जताई है। इस दौरान बादल छाए रहने के साथ-साथ कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हो सकती है। अगले दो दिनों में चुनिंदा क्षेत्रों में बूंदाबांदी के आसार हैं।
कई जिलों में रहेगा मिला-जुला मौसम
सोमवार को हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर के अधिकांश हिस्सों में मौसम मिला-जुला रहने की संभावना है। दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में बादल तो दिखाई देंगे, लेकिन फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है। पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, जींद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, झज्जर, फरीदाबाद, पलवल, नूंह, सिरसा और फतेहाबाद जिलों में मौसम सामान्य रहेगा, हालांकि कुछ स्थानों पर आंशिक बादल छाए रह सकते हैं।
कल से बदलेगा मिजाज, इन जिलों में बारिश की चेतावनी
मंगलवार से मौसम में और बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ जिलों में बूंदाबांदी या हल्की बारिश की संभावना जताई है। इससे तापमान में हल्की गिरावट भी दर्ज की जा सकती है।
16 शहरों में तापमान 20 डिग्री के पार
जनवरी का आधा महीना बीतने के साथ ही प्रदेश में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाने लगी है। न्यूनतम और अधिकतम दोनों तापमान में इजाफा हुआ है, जिसके चलते कई इलाकों में दिन के समय ठंड का असर कम हुआ है।
करनाल के इंद्री में रविवार को अधिकतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। इसके अलावा हरियाणा के 16 शहरों में अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है। मौसम विभाग ने आगामी तीन से चार दिनों तक तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना जताई है।
शीतलहर से राहत, 22 जनवरी से फिर बारिश के आसार
मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस सप्ताह पूरे हरियाणा में शीतलहर चलने की कोई संभावना नहीं है, जिससे लोगों को कड़ाके की ठंड से राहत मिलेगी। वहीं 22 जनवरी से 24 जनवरी के बीच प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।
