Haryana Weather: हरियाणा में 21 जनवरी तक घना कोहरा, इस दिन से होगी झमाझम बारिश
मौसम विभाग चंडीगढ़ के अनुसार, सोमवार और मंगलवार को अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल और करनाल जिलों में घना कोहरा छा सकता है। अन्य जिलों में भी हल्के से मध्यम कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है। सुबह के समय दृश्यता कम रहने की आशंका है, हालांकि दिन चढ़ने के साथ धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिल सकती है।
22 जनवरी से बदलेगा मौसम का मिजाज
मौसम विभाग ने बताया कि 21 जनवरी की रात से एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय क्षेत्र और उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों को प्रभावित करेगा। इसके असर से 22 से 24 जनवरी के बीच हरियाणा के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है और ठंड बढ़ सकती है।
हल्की से मध्यम बारिश की संभावना
पूर्वानुमान के मुताबिक, हरियाणा और चंडीगढ़ में 22 जनवरी को कुछ स्थानों पर जबकि 23 और 24 जनवरी को कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बारिश के चलते दिन और रात के तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा।
25 जनवरी तक रहेगा मौसम परिवर्तनशील
चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि प्रदेश में 25 जनवरी तक मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा। लगातार तीन पश्चिमी विक्षोभों के आंशिक प्रभाव के कारण मौसम में बार-बार बदलाव के आसार हैं।
उन्होंने बताया कि 20 और 21 जनवरी को आंशिक बादल छाए रह सकते हैं और उत्तरी व दक्षिणी जिलों में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इसके बाद 22 से 24 जनवरी तक बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी। वहीं 24 जनवरी की रात से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे 25 जनवरी से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की संभावना बन रही है।
इस दौरान हवाओं की दिशा में बदलाव रहेगा, रात का तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक रह सकता है, जबकि दिन के तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। अलसुबह और देर रात कुछ इलाकों में धुंध भी देखने को मिल सकती है।
