Haryana Weather: हरियाणा में शीतलहर का कहर, इस दिन से बदलेगा मौसम
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक बीती रात प्रदेश में सबसे कम तापमान महेंद्रगढ़ (AWS) में 1.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य का सबसे ठंडा इलाका रहा। नारनौल में न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री रहा। वहीं गुरुग्राम में 4.6 डिग्री, मेवात में 4.7 डिग्री और फरीदाबाद में 4.2 डिग्री सेल्सियस की बड़ी गिरावट दर्ज की गई। बीते 24 घंटों में प्रदेश के किसी भी हिस्से में बारिश नहीं हुई है।
सुबह धूप से मिली राहत, लेकिन ठंड बरकरार
आज सुबह प्रदेश के अधिकतर जिलों में धूप खिलने से कोहरे से कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन ठंडी हवाओं के चलते ठंड का असर बना हुआ है। राजस्थान से सटे हरियाणा के इलाकों में पाला जमने की स्थिति देखी जा रही है। न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट के कारण रात और सुबह के समय कड़ाके की ठंड पड़ रही है।
7 जिलों में पाला जमने की चेतावनी, 6 में ऑरेंज अलर्ट
IMD ने 25 जनवरी को हरियाणा के 7 जिलों में पाला जमने की चेतावनी जारी की है। इनमें सिरसा, हिसार, फतेहाबाद, भिवानी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी और चरखी दादरी शामिल हैं। इसके अलावा प्रदेश के 6 जिलों में घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है।
दिन के तापमान में भी आई गिरावट
शीतलहर के असर से दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि धूप निकलने से थोड़ी राहत मिली, लेकिन ठंडी हवाओं ने ठिठुरन बनाए रखी। मौसम विभाग के अनुसार 24 जनवरी को प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 4 डिग्री कम रहा। सबसे अधिक तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस करनाल के इंद्री रेस्ट हाउस क्षेत्र में रिकॉर्ड किया गया। हिसार में 15.4 डिग्री, रोहतक में 15.7 डिग्री और गुरुग्राम में करीब 16 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। अगले 24 घंटों में दिन के तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी की संभावना नहीं है।
रात का तापमान जमाव बिंदु के करीब
प्रदेश में रात का तापमान लगातार जमाव बिंदु की ओर बढ़ रहा है। 24 जनवरी को हरियाणा का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री कम दर्ज किया गया। हिसार में न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि करनाल में 4 डिग्री, रोहतक में 6 डिग्री और भिवानी में करीब 3 डिग्री सेल्सियस रहा। कई जिलों में रात के समय पाला पड़ने जैसी स्थिति बनी रही।
आगे कैसा रहेगा मौसम
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. चंद्रशेखर के अनुसार आज राजस्थान से सटे इलाकों में पाला जमने की संभावना बनी हुई है और न्यूनतम तापमान में और गिरावट आ सकती है। इसके बाद 26 जनवरी की शाम से मौसम में बदलाव आएगा। एक और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 27 जनवरी को हरियाणा के अधिकतर इलाकों में बारिश होने की संभावना है। इसके बाद 28 जनवरी से हवाओं का रुख बदलने के साथ एक बार फिर ठंड का दौर तेज हो सकता है।
