इससे पहले गुरुवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में कोहरे और शीतलहर का असर देखने को मिला था। बीते 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई, हालांकि इसके बावजूद तापमान सामान्य से काफी नीचे बना रहा। शुक्रवार को भिवानी 1.5 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा।
कड़ाके की ठंड को देखते हुए हरियाणा सरकार ने विंटर हॉलिडे को दो दिन और बढ़ा दिया था। अब सोमवार से प्रदेश में सरकारी और निजी स्कूल फिर से खुलेंगे। लगातार ठंड के चलते जनजीवन पर खासा असर देखने को मिल रहा है।
हिसार में ठंड ने पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। पिछले 15 सालों में पांचवीं बार ऐसा हुआ है जब हिसार का न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। यह बीते दो वर्षों का भी रिकॉर्ड है। इससे पहले 2025 में 15 जनवरी को न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री और 2024 में 16 दिसंबर को 1.1 डिग्री दर्ज किया गया था।
अन्य जिलों की बात करें तो नारनौल में न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री, जींद के पांडु पिंडारा में 2.6 डिग्री और सिरसा में 2.9 डिग्री दर्ज किया गया। करनाल, अंबाला और रोहतक में भी रात का तापमान 4 से 5 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहा।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 17 और 18 जनवरी को ठंड के असर में धीरे-धीरे कमी आ सकती है और अधिकांश जिलों में कोल्ड-डे की चेतावनी नहीं रहेगी। हालांकि रात और सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा बना रह सकता है।
वहीं हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 16 जनवरी और 19 जनवरी की रात को दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से 17 और 18 जनवरी को हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इसके अलावा 19 जनवरी के बाद प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की संभावना भी जताई गई है।
