हिसार में रात्रि तापमान 6.8 डिग्री सैल्सियस सबसे कम रहा जो सामान्य से 7 डिग्री कम है। मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ी क्षेत्रों में हुई बर्फबारी के बाद ठंडी हवाओं का प्रभाव मैदानी इलाकों पर देखने को मिला है। जिस वजह हरियाणा में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। एक-दो स्थानों को छोड़कर हरियाणा के अधिकांश शहरों में 10 डिग्री सैल्सियस से नीचे तापमान है।
IMD के दर्ज आंकड़ों अनुसार हिसार में 6.8, महेन्द्रगढ़ में 6.9, नारनौल में 7.6, सोनीपत में 7.9, करनाल में 8.2, रोहतक में 9.2, जींद में 8.3, कैथल में 8.8, कुरुक्षेत्र में 8.9, पंचकुला में 9.3, पानीपत में 9.8 डिग्री सैल्सियस रात्रि तापमान रहा। दोपहर का तापमान 24.9 से 28.4 डिग्री सैल्सियस के बीच रहा। रोहतक का सबसे कम 24.9 डिग्री सैल्सियस दोपहर का तापमान रहा।
मौसम विशेषज्ञ ने बताया कि 17 नवम्बर को नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। उसके बाद 21 नवम्बर को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इससे तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। यमुनानगर जिले में अधिकतम तापमान 23.5 डिग्री दर्ज हुआ, जो दिन के दौरान भी प्रदेश का सबसे कम तापमान रहा।
