हरियाणा-यूके ट्रेड ब्रिज से व्यापार को मिलेगी नई रफ्तार, सीएम सैनी आज उद्योगपतियों से करेंगे बातचीत
गुरुग्राम | हरियाणा और यूनाइटेड किंगडम के बीच व्यापार एवं औद्योगिक सहयोग को नई गति देने के उद्देश्य से सोमवार 14 सितंबर को गुरुग्राम में ‘हरियाणा-यूके ट्रेड ब्रिज : अनलॉकिंग ग्लोबल ऑपर्च्युनिटीज-2026’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। विदेश सहयोग विभाग, हरियाणा सरकार तथा ब्रिटिश डिप्टी हाई कमीशन, चंडीगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
गुरुग्राम के सेक्टर 51 स्थित गुरुग्राम यूनिवर्सिटी में आयोजित होने जा रहे इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में हरियाणा के विदेश सहयोग मंत्री श्री राव नरबीर सिंह कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे, जबकि ब्रिटिश डिप्टी हाई कमिश्नर, चंडीगढ़ सुश्री अल्बा स्मेरिग्लियो विशेष अतिथि के तौर पर शिरकत करेंगी।
*हरियाणा और यूके के उद्योग जगत के बीच बनेगा सीधा संवाद*
कार्यक्रम में हरियाणा की वे कंपनियां जो यूके में कारोबार कर रही हैं तथा यूके की वे कंपनियां जिनकी हरियाणा में औद्योगिक एवं व्यावसायिक मौजूदगी है, उनके प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। इसके अलावा हरियाणा के निर्यातकों, सेक्टरल एक्सपोर्ट एसोसिएशनों, औद्योगिक संगठनों और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े उद्योग प्रतिनिधियों की भी भागीदारी रहेगी। इसका उद्देश्य दोनों पक्षों को एक मंच पर लाकर व्यापार, निवेश, निर्यात और कारोबारी साझेदारी की नई संभावनाओं पर सीधा संवाद स्थापित करना है।
