Haryana: 2 लाख 93 हजार रुपये रिश्वत लेते शिक्षा विभाग के दो अधिकारी गिरफ्तार, लंबित बिलों को पास करने के एवज में मांगी थी रिश्वत 

 
Haryana: 2 लाख 93 हजार रुपये रिश्वत लेते शिक्षा विभाग के दो अधिकारी गिरफ्तार, लंबित बिलों को पास करने के एवज में मांगी थी रिश्वत 

Haryana: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार की भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति के तहत राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए सोनीपत में शिक्षा विभाग के दो अधिकारियों को 2 लाख 93 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है।

राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक डॉ. अरशिंदर सिंह चावला, आईपीएस के नेतृत्व में ब्यूरो द्वारा भ्रष्टाचार के मामलों में लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में शिकायत का सत्यापन करने के बाद आज सोनीपत में योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की गई।


लंबित बिल पास करने के बदले मांगी थी 4 लाख रुपये की रिश्वत

एसीबी को शिकायतकर्ता द्वारा शिकायत दी गई थी कि शिक्षा विभाग के अधिकारियों द्वारा भयापुर स्कूल और बड़ौली स्कूल, जिला सोनीपत में उसके द्वारा किए गए कार्यों के लंबित बिलों को पास करने के एवज में 4 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत का नियमानुसार सत्यापन करने के पश्चात एसीबी टीम द्वारा ट्रैप कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान आशीष, कनिष्ठ अभियंता, शिक्षा विभाग, सोनीपत, को शिकायतकर्ता से 2 लाख 93 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।

इसी मामले में विष्णु, उपमंडल अधिकारी, शिक्षा विभाग, सोनीपत को भी गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी संख्या 31, दिनांक 23 सितंबर 2026, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, रोहतक में मामला दर्ज किया गया है।