Haryana: हरियाणा के हजारों परिवारों को मिलेगा अपना आशियाना, आज निकाला जाएगा मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना का ड्रा

 
mukhaymantri awas yojana
Haryana News: हरियाणा में आज मंगलवार (14 अक्टूबर) को हजारों गरीब परिवारों के लिए खुशखबरी का दिन है। मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना-2 के तहत राज्य सरकार द्वारा 15 जिलों में पात्र परिवारों को प्लॉट आवंटित किए जा रहे हैं। यह ड्रा उन लोगों के लिए एक नई शुरुआत का अवसर होगा, जो अब तक खुद के मकान का सपना देख रहे थे।

योजना के तहत भिवानी, फरीदाबाद, फतेहाबाद, हिसार, झज्जर, कैथल, करनाल, यमुनानगर, सोनीपत, सिरसा, रोहतक, पानीपत, नूंह, नारनौल और कुरुक्षेत्र जिलों की 145 ग्राम पंचायतों में करीब 3000 पात्र परिवारों को 100 गज के प्लॉट दिए जाएंगे। वहीं महाग्राम सतनाली और मलाब में लाभार्थियों को 50-50 गज के प्लॉट मिलेंगे। प्लॉटों का ड्रा संबंधित जिलों के उपायुक्तों और जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों की निगरानी में निर्धारित स्थानों पर निकाला जाएगा।

मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के पहले चरण में अब तक 14 शहरों में 15,256 परिवारों को एक लाख रुपये में 30 गज के प्लॉट दिए जा चुके हैं। अब योजना के दूसरे चरण में सरकार का लक्ष्य 561 गांवों में 1.58 लाख आवेदकों को प्लॉट देना है, जिससे राज्य भर में हजारों परिवारों को स्थायी निवास उपलब्ध कराया जा सके।

लाभार्थियों को केवल प्लॉट ही नहीं मिलेंगे, बल्कि मकान बनाने के लिए सरकार की ओर से आर्थिक सहायता भी दी जाएगी। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत उन्हें 1.38 लाख रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी। इसके अलावा स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण के लिए 12,000 रुपये और मनरेगा के तहत 10 दिन की अकुशल मजदूरी का भी प्रावधान किया गया है।