Haryana : हरियाणा का ये खेल स्टेडियम आधुनिक सुविधाओं से होगा लैस, 50 करोड़ का प्रस्ताव मुख्यालय भेजा
स्टेडियम में जलभराव की समस्या
इस योजना के तहत स्टेडियम के मुख्य मैदान सहित सभी खेल मैदानों का जमीन स्तर ऊंचा किया जाएगा, ताकि बारिश के समय पानी जमा न हो. इसके साथ ही जल निकासी और सीवरेज व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त किया जाएगा. पिछले करीब एक साल से स्टेडियम में जलभराव की समस्या लगातार बनी हुई है, जिससे खिलाड़ियों और खेल गतिविधियों पर बुरा असर पड़ा है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से किया जाएगा लैस
प्रस्तावित योजना में स्टेडियम को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से लैस किया जाएगा. यहां नई हाईमास्ट लाइटें लगाई जाएंगी, दर्शकों के लिए आधुनिक बैठने की व्यवस्था बनाई जाएगी और खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग स्टैंड विकसित किए जाएंगे. इसके अलावा एलईडी स्क्रीन, सुरक्षा के लिए कैमरे और खिलाड़ियों के लिए रेस्ट रूम व चेंजिंग रूम जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी.
400 खिलाड़ी को मिलेगा लाभ
महाबीर स्टेडियम में पहले लगभग 400 खिलाड़ी नियमित रूप से अभ्यास करने आते थे, लेकिन खराब हालत के कारण अब उनकी संख्या में कमी आई है. जलभराव और खराब मैदान के कारण खिलाड़ियों को अभ्यास में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
करीब छह महीने तक भरा रहा था पानी
जानकारी के अनुसार, स्टेडियम में करीब छह महीने तक पानी भरा रहा था. उस समय जिला प्रशासन के निर्देश पर जनस्वास्थ्य विभाग ने चार पंपसेट लगाकर पानी निकाला था, लेकिन कुछ समय बाद फिर से वही स्थिति बन गई. इससे स्पष्ट है कि स्थायी समाधान की आवश्यकता है.
50 करोड़ रुपये के बजट से स्टेडियम बनेगा हाई-टेक
इस मुद्दे को विधायक सावित्री जिंदल ने विधानसभा में भी उठाया था. पहले स्टेडियम के सुधार के लिए लगभग 21 करोड़ रुपये का अनुमान लगाया गया था, लेकिन अब विस्तृत योजना के तहत बजट बढ़ाकर 50 करोड़ रुपये कर दिया गया है. जिला खेल अधिकारी नरेश सैनी के अनुसार, इस परियोजना के तहत न केवल स्टेडियम बल्कि आसपास के सभी खेल मैदानों का भी सुधार किया जाएगा।
