Haryana: हरियाणा में इन किसानों को 4 हजार रुपये प्रति एकड़ दे रही सरकार, जानिये क्या है योजना ?

 
Haryana: हरियाणा में इन किसानों को 4 हजार रुपये प्रति एकड़ दे रही सरकार, जानिये क्या है योजना ?
Haryana: हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने बताया कि राज्य में प्रदेश सरकार द्वारा खरीफ 2024 के दौरान धान की खेती के लिए डायरेक्ट सीडेड राइस (डी. एस. आर.) पद्धति अपनाने वाले किसानों को ₹ 4,000 प्रति एकड़ की प्रोत्साहन राशि प्रदान करने की योजना लागू की गई है। 

राज्य में इस योजना के अंतर्गत 27,378 किसानों को लाभ के लिए पात्र पाया गया है, इन किसानों का कुल 1,56,891 एकड़ क्षेत्र शामिल है। इनमें से 18,007 किसानों को 1,09,245 एकड़ क्षेत्र के लिए 4,000  रूपये प्रति एकड़ की दर से 40.36 करोड़ रुपए की प्रोत्साहन राशि का भुगतान किया जा चुका है।

श्री राणा आज हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान सदन के एक सदस्य द्वारा पूछे गए सवाल का जवाब दे रहे थे।

कृषि मंत्री ने बताया कि 47,646 एकड़ क्षेत्र से संबंधित 9,371 किसानों को अभी तक लाभ का भुगतान 19.06 करोड़ रुपए नहीं किया गया है। इसका कारण क्लाउड सर्वर पर साइबर हमले के कारण रेलटेल कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया द्वारा संरक्षित डेटा क्लस्टर को अलग किया जाना रहा। विभाग डेटा को पुनः बहाल करने हेतु रेलटेल के साथ समन्वय कर रहा है। डेटा बहाल होते ही शेष क्षेत्र की भुगतान राशि आगामी एक माह में जारी कर दी जाएगी।

कृषि मंत्री ने पूरक प्रश्न का उत्तर देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों की जो बकाया राशि किन्ही कारणों से रुकी हुई है , उसका भी जल्द से जल्द समाधान किया जा रहा है।