Haryana: हरियाणा में भूमि माफियाओं पर पुलिस का सर्जिकल स्ट्राइक, अवैध कब्जे ध्वस्त, सरकारी जमीन मुक्त

 
Haryana: हरियाणा में भूमि माफियाओं पर पुलिस का सर्जिकल स्ट्राइक, अवैध कब्जे ध्वस्त, सरकारी जमीन मुक्त
गुरुग्राम 07 अप्रेल 2026: जीरो टॉलरेंस नीति के तहत गुरुग्राम पुलिस ने भूमि माफियाओं और आदतन अपराधियों के खिलाफ एक सटीक एवं सशक्त अभियान चलाते हुए शहर में अवैध कब्जों के संगठित नेटवर्क पर करारा प्रहार किया। पुख्ता खुफिया सूचना के आधार पर सैक्टर-53 एवं वजीराबाद स्थित HSVP की सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जों की पहचान कर भारी मशीनरी की सहायता से पूरी तरह ध्वस्त किया गया, जिससे सरकारी भूमि को उसके मूल स्वरूप में बहाल किया गया।

▪️इस कार्यवाही में अपराधी वीरेंद्र उर्फ लीलू व तरुण उर्फ मोनू उर्फ नंबरदार (दोनों निवासी वजीराबाद) को चिन्हित किया गया। इन सभी का आपराधिक इतिहास रहा है, जिनमें हिंसक अपराध, शराब तस्करी और रंगदारी जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं, तथा ये कई बार जेल जा चुके हैं।

▪️जांच में यह भी सामने आया कि इन अपराधियों ने सरकारी जमीन पर अवैध टीन शेड लगाकर, झुग्गी बस्तियां बसाकर कमजोर वर्गों का शोषण किया, उनसे अवैध रूप से किराया वसूला और इन स्थानों का उपयोग संगठित अपराध गतिविधियों के संचालन एवं विस्तार के लिए किया।

▪️यह संयुक्त कार्रवाई क्राइम यूनिट सैक्टर-31 एवं सैक्टर-40 द्वारा DTP और HSVP अधिकारियों के समन्वय से की गई। पुलिस की कड़ी निगरानी में सभी अवैध संरचनाओं को हटाकर भूमि को पूर्ण रूप से मुक्त कराया गया तथा पूरे अभियान के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखी गई।

▪️गुरुग्राम पुलिस सार्वजनिक भूमि की सुरक्षा, कानून व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों को शोषण से बचाने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे खुफिया-आधारित सख्त अभियान भविष्य में और अधिक तीव्रता के साथ जारी रहेंगे, ताकि गुरुग्राम को अपराध मुक्त एवं सुरक्षित बनाया जा सके।