हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत सीएलएफ में विभिन्न पदों पर भर्ती, 20 जुलाई तक करें आवेदन

 
हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत सीएलएफ में विभिन्न पदों पर भर्ती, 20 जुलाई तक करें आवेदन

फरीदाबाद, 09 जुलाई।
हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, फरीदाबाद के अंतर्गत गठित क्लस्टर लेवल फेडरेशन (सीएलएफ) में विभिन्न पदों पर पूर्णतः अस्थायी आधार पर भर्ती के लिए योग्य एवं इच्छुक अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। जानकारी देते हुए शिवम तिवारी ने बताया कि यह भर्ती नारी शक्ति निर्माण महिला महासंघ, खंड तिगांव; सहारा महिला क्लस्टर महासंघ, सुकन्या महिला क्लस्टर महासंघ एवं संघर्ष महिला क्लस्टर महासंघ, खंड बल्लभगढ़ तथा जीवन ज्योति महिला क्लस्टर महासंघ, खंड फरीदाबाद के माध्यम से की जाएगी।

उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत क्लस्टर लेवल फेडरेशन मैनेजर, क्लस्टर लेवल फेडरेशन अकाउंटेंट तथा क्लस्टर लेवल फेडरेशन एमआईएस असिस्टेंट के 05-05 पदों पर आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी पात्रता, शैक्षणिक योग्यता, चयन प्रक्रिया एवं अन्य आवश्यक शर्तों संबंधी विस्तृत जानकारी के लिए संबंधित क्लस्टर लेवल फेडरेशन (सीएलएफ) अथवा संबंधित खंड कार्यालय, हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से संपर्क कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 20 जुलाई, 2026 निर्धारित की गई है। सभी पात्र एवं इच्छुक अभ्यर्थियों से अनुरोध है कि वे निर्धारित समयावधि के भीतर अपना आवेदन संबंधित कार्यालय में जमा कराएं। हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से कार्य कर रहा है तथा यह भर्ती प्रक्रिया मिशन की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।