हरियाणा खेलों की खान, प्रदेश के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया देश का मान-सम्मान : कृष्णपाल गुर्जर
सांसद खेल महोत्सव की महिला वर्ग की दो दिवसीय प्रतियोगिताओं का उत्साहपूर्वक समापन, केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित
फरीदाबाद, 01 नवंबर।
भारत सरकार में केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि हरियाणा प्रदेश खेलों की खान है और यहां के खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, लगन, अनुशासन और प्रतिभा के दम पर देश-विदेश में प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ियों ने हॉकी, महिला क्रिकेट, क्रिकेट, मुक्केबाजी, कुश्ती, कबड्डी, एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेलों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। प्रदेश के खिलाड़ियों ने न केवल देश के लिए अनेक पदक जीतकर भारत का गौरव बढ़ाया है, बल्कि अपनी उपलब्धियों से युवा पीढ़ी को भी खेलों के प्रति प्रेरित किया है।
सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत सेक्टर- 12 स्थित खेल परिसर में आयोजित महिला वर्ग की दो दिवसीय खेल प्रतियोगिताओं का समापन समारोह उत्साह और उमंग के साथ संपन्न हुआ। समारोह में भारत सरकार में केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने बतौर मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की।
केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि हरियाणा की मिट्टी में खेलों के प्रति विशेष लगाव और जुनून है। यही कारण है कि प्रदेश के छोटे-छोटे गांवों और कस्बों से निकलकर खिलाड़ी आज विश्वस्तरीय प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में पिछले पांच वर्षों से देशभर में सांसद खेल महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों, गांवों, ढाणियों और छोटे कस्बों में छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को पहचानना और उन्हें उचित मंच एवं अवसर उपलब्ध करवाना है। देश में ऐसे अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं, जिन्हें संसाधनों और पर्याप्त अवसरों के अभाव में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मौका नहीं मिल पाता। सांसद खेल महोत्सव ऐसे खिलाड़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच बनकर उभरा है, जहां वे अपनी खेल क्षमता का प्रदर्शन कर सकते हैं और आगे बढ़ने के नए अवसर प्राप्त कर सकते हैं।
केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि पिछले दो दिनों में महिला खिलाड़ियों ने 13 खेल प्रतियोगिताओं में पूरे उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। उन्होंने प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली सभी खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि जो खिलाड़ी इस बार किसी कारणवश पुरस्कार प्राप्त नहीं कर पाए, उन्हें निराश होने की आवश्यकता नहीं है। अगले वर्ष फिर से सांसद खेल महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। उन्हें उम्मीद है कि इस बार विजेता खिलाड़ियों से प्रेरणा लेकर अन्य खिलाड़ी भी आगामी प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करते हुए विजेता बनेंगे।
केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि खेल केवल शारीरिक गतिविधि तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये व्यक्ति के जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य, समर्पण और टीम भावना जैसे महत्वपूर्ण गुणों का विकास भी करते हैं। खेलों के माध्यम से युवाओं में सकारात्मक सोच विकसित होती है और वे जीवन की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार होते हैं। खेल हमें हार से सीखने और जीत के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा देते हैं। इसलिए प्रत्येक युवा को अपनी रुचि के अनुसार किसी न किसी खेल गतिविधि से अवश्य जुड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार खेलों को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलो इंडिया जैसी योजनाओं के माध्यम से देश में खेल संस्कृति को मजबूत किया है। इन प्रयासों का उद्देश्य युवाओं को बचपन से ही खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना, उनकी प्रतिभा को निखारना और उन्हें राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने के अवसर प्रदान करना है।
केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि उन्हें विश्वास है कि आज प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ी आने वाले समय में केवल फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र और हरियाणा ही नहीं, बल्कि पूरे देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे।
कार्यक्रम के अंत में 100 मीटर, 400, 1500 और 5000 मीटर रेस, लॉन्ग जम्प, जेवलिन थ्रो, शॉट पुट, ट्रिपल जम्प, 100 मीटर वेटरन रेस, बैडमिंटन महिला एकल, बैडमिंट डबल, बास्केट बाल महिला, सर्कल कब्बडी, कबड्डी नेशनल स्टाइल, तलवारबाजी, खो-खो महिला, वॉलीबॉल, टेबल टेनिस एकल, कुश्ती, टेबल टेनिस डबल, हॉकी और रस्सकशी की प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीया स्थान प्राप्त करने वाली महिला खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार 51000 रुपये, 31000 रुपये, 21000 रुपये और 11000 रुपये और ट्राफी देकर सम्मानित किया गया।
.
इस अवसर पर एनआईटी विधायक सतीश फागना, बड़खल विधायक धनेश अदलखा, हथीन विधायक हरेंद्र सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त अंजलि श्रोत्रिया, बड़खल एसडीएम त्रिलोक चंद, फरीदाबाद एसडीएम डॉ हनी बंसल, बल्लभगढ़ एसडीएम मयंक भारद्वाज, सीटीएम अंकित कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, खेल विभाग के अधिकारी, प्रशिक्षक, प्रायोजक और खिलाड़ी उपस्थित रहे।
