हरियाणा रोडवेज की बस ने सिक्योरिटी गार्ड को कुचला, ड्राइवर फरार

 
हरियाणा रोडवेज की बस ने सिक्योरिटी गार्ड को कुचला, ड्राइवर फरार

 

हरियाणा के करनाल में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां घरौंडा में हरियाणा रोडवेज की बस ने एक सिक्योरिटी गार्ड को कुचल दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार ये हादसा घरौंडा के दिल्ली चुंगी चौक पर हुआ। मृतक की पहचान घरौंडा निवासी 55 वर्षीय राजकुमार के रूप में हुई है। राजकुमार एक फैक्ट्री में सिक्योरिटी गार्ड के तौर पर काम करते थे। मृतक के परिजनों ने बताया कि राजकुमार रविवार सुबह घरौंडा के हर्बल पार्क में घूमने गए थे।

बस ने कुचला, मौके पर हुई मौत 

जब वह पार्क में टहलकर अपने घर की ओर लौट रहे थे। तभी दिल्ली चुंगी चौक के पास पीछे से आ रही झज्जर डिपो की बस ने उन्हें कुचल दिया। इस हादसे में राजकुमार गंभीर रुप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। 

बस छोड़कर ड्राइवर हुआ फरार 
इस हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा- तफरी मच गई और ड्राइवर बस को छोड़कर मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए करनाल भेजा। 

मृतक के बेटे ने बताया कि उनके पिता मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। उन्होंने आरोपी बस ड्राइवर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं इस मामले में पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और शिकायत के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।