Haryana: हरियाणा में प्रॉपर्टी डीलर को फिर धमकी, रकम 30 लाख से बढ़ाकर 2 करोड़
बताया जा रहा है कि 23 जनवरी को धमकियों के बाद पुलिस ने हैप्पी गर्ग के घर पर सुरक्षा कर्मी तैनात किए थे। इसके साथ ही सीआईए और साइबर सेल की टीमें भी मामले की जांच में जुटी हुई थीं। बावजूद इसके, रविवार दोपहर इंटरनेट मीडिया के माध्यम से फिरौती मांगने वाले ने दोबारा संपर्क किया और इस बार पहले से ज्यादा आक्रामक लहजे में बात करते हुए रकम बढ़ाने की धमकी दी।
नई धमकी से पीड़ित परिवार में भय का माहौल है। दुष्यंत गर्ग का कहना है कि वे समझ नहीं पा रहे कि आखिर उन्हें ही निशाना क्यों बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कॉल करने वाला उनके कारोबार से जुड़ी कई अहम जानकारियों से परिचित है, जिससे यह आशंका गहराती जा रही है कि इस पूरे मामले में किसी नजदीकी या अंदरूनी व्यक्ति की भूमिका हो सकती है, जो अपराधी तक जानकारी पहुंचा रहा है।
लगातार मिल रही धमकियों से न सिर्फ परिवार दहशत में है, बल्कि पुलिस भी सकते में है। पीड़ित ने प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए, ताकि परिवार को राहत मिल सके।
वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच तेज कर दी गई है। सीआईए और साइबर सेल कॉल के स्रोत, तकनीकी साक्ष्य और डिजिटल ट्रेल को खंगाल रही हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी चाहे देश में हो या विदेश में, उसे जल्द ट्रेस कर लिया जाएगा।
