Haryana News: हरियाणा में अवैध कॉलोनियों पर कसा शिकंजा, FIR करके कार्रवाई करने के आदेश

 
Haryana News: हरियाणा में अवैध कॉलोनियों पर कसा शिकंजा, FIR करके कार्रवाई करने के आदेश
Haryana News: हरियाणा में अवैध कॉलोनियों पर शिकंजा कसना शुरु हो गया है। इसको लेकर जिला उपायुक्त स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अवैध कॉलोनियों और अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई में सभी विभाग मिशन मोड में कार्रवाई करें, ताकि किसी भी स्तर पर लापरवाही या देरी न हो। 

उन्होंने कहा कि अवैध कॉलोनियों को किसी भी सूरत में पनपने नहीं दिया जाएगा और सूचना मिलते ही निर्माण कार्य ध्वस्त किया जाए। आरोपियों पर केस दर्ज करें। डीसी ने डीटीपी विभाग की मासिक समीक्षा बैठक में पुलिस विभाग को पहले दर्ज मामलों में त्वरित कार्रवाई करने के आदेश दिए गए।

डीटीपी अंजू  ने बैठक में बताया कि जनवरी माह में पांच अभियान चलाए गए। इनमें 100 एकड़ से अधिक में हुई प्लाटिंग पर कार्रवाई करते हुए 11 एफआईआर दर्ज की गई हैं। डीसी ने कहा कि डीटीपी (जिला नगर योजनाकार) के साथ सभी संबंधित विभाग राजस्व, पुलिस, पंचायत, नगर निकाय मिलकर कार्य करें। 

उन्होंने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि अवैध निर्माण की कार्रवाई के लिए समय पर पुलिस फोर्स उपलब्ध कराई जाए, ताकि प्रशासनिक टीमें बिना किसी बाधा के मौके पर कार्रवाई कर सकें। डीसी ने कहा कि अवैध कॉलोनियों के कारण शहर का योजनाबद्ध विकास बाधित होता है और सरकार को भारी राजस्व नुकसान झेलना पड़ता है। 

इस अवसर पर एसडीएम झज्जर अंकित कुमार चौकसे, एसडीएम बहादुरगढ़ अभिनव सिवाच, एसडीएम बेरी रेणुका नांदल, एसडीएम बादली डॉ रमन गुप्ता, डीटीपी अंजु, एसीपी अखिल कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।