Haryana News: हरियाणा के इस जिले में बनेंगे तीन पुल, ये मुख्य सड़क भी होगी फोरलेन, आदेश जारी

Haryana News: हरियाणा के पंचकूला के लोगों के लिए अच्छी खबर है। दरअसल, मोरनी में तीन पुल बनेंगे और इसके साथ ही पिंजौर की मुख्य सड़क फोरलेन होगी।
जानकारी के मुताबिक, कालका विधानसभा की विधायक शक्ति रानी शर्मा ने बुधवार को चंडीगढ़ में अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग अग्रवाल से मुलाकात की और मोरनी क्षेत्र में बनने वाले तीन पुलों और पिंजौर की मुख्य सड़क को फोरलेन बनाने को लेकर चर्चा की। अनुराग अग्रवाल ने सभी प्रस्तावित कार्यों के लिए आदेश जारी कर दिए हैं। खबरों की मानें, तो इरीगेशन विभाग मोरनी के तीन बड़े पुलों का निर्माण करेगा, जबकि PWD पिंजौर-कालका मुख्य सड़क को फोरलेन करने का कार्य करेगा।
पुलिया का भी होगा निर्माण
खबरों की मानें, तो इस योजना के तहत गांव ढाडवाली, खोपर, इन्दिरावाली और खेड़ी को जोड़ने के लिए एक पुलिया बनेगी। वहीं गांव बांशवाला, बल्दवाला से कैंसल माता भूड़ मुख्य सड़क तक एक पुल का निर्माण होगा। जबकि, गांव सिरमाडा, ब्रांच, मरोग सोग और अमड़ी को जोड़ने के लिए दो पुलिया बनाई जाएंगी। इसके साथ ही कालका में PWD के रेस्ट हाउस का कार्य भी शीघ्र शुरू होगा।
विधायक ने सीएम सैनी का दिया धन्यवाद
खबरों की मानें, तो विधायक शक्ति रानी शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हर विधानसभा क्षेत्र में बराबर विकास कार्य हो रहे हैं और हरियाणा तेज गति से प्रगति कर रहा है। उन्होंने सीएम सैनी का धन्यवाद किया और कहा कि मोरनी और आसपास के क्षेत्रों में जल्द ही इन विकास कार्यों का असर धरातल पर दिखाई देगा।