Haryana News: हरियाणा में 50 घंटे बाद मिला SYL नहर में गिरे BBA छात्र वरुण सिंगला का शव, जांच जारी
Haryana News: सतलुज यमुना लिंक (SYL) नहर में कार गिरने के बाद लापता हुए BBA छात्र वरुण सिंगला का शव आखिरकार 50 घंटे बाद बरामद कर लिया गया। गोताखोरों और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की संयुक्त टीम ने गहन तलाशी अभियान चलाकर घटनास्थल से कुछ दूरी पर नहर के भीतर झाड़ियों में फंसे शव को बाहर निकाला और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए एलएनजेपी अस्पताल भेज दिया है।
कैसे हुआ था हादसा
3 फरवरी को पिहोवा की शास्त्री कॉलोनी निवासी 22 वर्षीय वरुण सिंगला अपनी स्विफ्ट कार में आरुषि नाम की युवती के साथ कुरुक्षेत्र की ओर जा रहा था। ज्योतिसर गांव के पास नहर की पटरी पर अचानक कार अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार पहले पटरी पर डगमगाई और फिर सीधे नहर में समा गई। पानी में गिरते ही कार का एक शीशा टूट गया, जिससे वरुण बाहर निकल गया, लेकिन तेज बहाव में बह गया। वहीं आरुषि कार के भीतर ही फंसी रह गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
ड्राइविंग सीट पर मिली थी युवती
सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोर मौके पर पहुंचे। क्रेन की मदद से कार बाहर निकाली गई, जिसमें आरुषि ड्राइविंग सीट पर मृत पाई गई। आशंका जताई जा रही है कि उसने ड्राइविंग साइड से बाहर निकलने का प्रयास किया, लेकिन वह अंदर फंस गई।
50 घंटे बाद मिला वरुण का शव
वरुण की तलाश में गोताखोर आशु मलिक, पप्पू और SDRF की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही थीं। मंगलवार को मात्र 15 मिनट के तलाशी अभियान में ही शव नहर के भीतर झाड़ियों में फंसा मिला। गोताखोर आशु मलिक ने पुष्टि की कि शव को बाहर निकालकर पुलिस को सौंप दिया गया है।
थाना प्रभारी विशाल ने बताया कि 3 फरवरी को हुई दुर्घटना में युवती का शव उसी दिन मिल गया था, जबकि युवक का पता नहीं चल पाया था। अब शव बरामद होने के बाद पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा और परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
परिवारों के आरोप-प्रत्यारोप
वरुण के परिवार ने पहले कहा था कि वह घर से अकेला निकला था और उन्हें नहीं पता कि युवती कार में कैसे आई। वहीं, आरुषि के पिता हितेश हरित ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा था कि वरुण ने जानबूझकर कार नहर में गिराकर उनकी बेटी की हत्या की और खुद खिड़की से निकलकर तैरकर बाहर आ गया।
दोनों एक ही स्कूल में पढ़े थे
सूत्रों के मुताबिक, वरुण और आरुषि पिहोवा के एक निजी स्कूल में साथ पढ़ते थे। करीब तीन साल पहले आरुषि ने वरुण की ताऊ की बेटी से इकोनॉमिक्स की कोचिंग ली थी। 3 नवंबर 2025 को आरुषि ने अपना 21वां जन्मदिन मनाया था।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है, जबकि परिवारों के लिए यह अपूरणीय क्षति बन गई है।
