Haryana News: हरियाणा के गांवों में शहरों की तर्ज पर बनेगी स्मार्ट गली, साफ और व्यवस्थित करने की तैयारी
Haryana News: हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का दृष्टिकोण है कि जिस तरह शहरों में साफ और व्यवस्थित गलियां होती हैं, उसी तर्ज पर गांवों में भी 'स्मार्ट गली' विकसित की जानी चाहिए।
इस दिशा में पूरे राज्य में ऐसे 111 गांवों की पहचान की गई है, जहां मतदाताओं की संख्या 10,000 से अधिक है। बादली विधानसभा क्षेत्र के बादली गांव को भी इस योजना में शामिल किया गया है। यहाँ 'स्मार्ट गली' बनाने पर 1 करोड़ 19 लाख 39 हजार रुपये का खर्च आएगा।
विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार आज हरियाणा विधानसभा में चल रहे बजट सत्र के दौरान शून्य काल में विधायक कुलदीप वत्स द्वारा उठाए गए एक मुद्दे पर सदन में वक्तव्य दे रहे थे।
कृष्ण लाल पंवार ने शून्य काल में विधायक शीशपाल केहरवाला द्वारा तालाबों के संबंध में पूछे गए एक सवाल के जवाब में कहा कि राज्य में तालाबों की प्रकृति सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के अनुरूप ही रहेगी। उन्होंने बताया कि कुछ तालाबों के किनारे लोगों ने मकान बना लिए हैं। मुख्यमंत्री ने पिछले सत्र में यह बिल पेश किया था कि कोई ग्राम पंचायत की कृषि भूमि पर या फिरनी में मकान नहीं होना चाहिए। यदि मकान ग्राम पंचायत की भूमि में है, तो 500 गज तक का मालिकाना हक दिया जा रहा है।
पंवार ने बताया कि जिला उपायुक्तों को निर्देश दिए गए हैं कि ऐसे मकानों की जांच कर विशेष कैंप आयोजित करें और मुख्यालय को केस भेजें। 2004 से पहले बने मकानों के लिए यदि कोई प्रूफ है, तो उसे भी लिखित रूप में भेजा जाएगा। इसके लिए सीईओ जिला परिषद और बीडीपीओ की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि विशेष कैंप लगाकर समस्या का समाधान किया जा सके।
पंवार ने शून्य काल में ही विधायक श्री कपूर वाल्मीकि द्वारा मिट्टी उठाने के संबंध में पूछे जाने पर कहा कि यदि ग्राम पंचायत प्रस्ताव भेजती है, तो खनन अधिकारियों को निर्देश दिए जाएंगे कि मिट्टी उठाने के लिए परमिट जारी किया जाए।
