Haryana News: हरियाणा में बनेंगे स्मार्ट एग्रीकल्चर और स्मार्ट इंडस्ट्रियल जोन, CM नायब सैनी की बड़ी घोषणा
Haryana News: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किसानों और उद्योगपतियों के हित में दो अहम घोषणाएं की हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा में एक स्मार्ट एग्रीकल्चर जोन और एक स्मार्ट इंडस्ट्रियल जोन की स्थापना की जाएगी, जहां किसानों और उद्योगों को विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। मुख्यमंत्री यह घोषणा उद्योग एवं वाणिज्य विभाग की गत वर्ष के बजट में की गई घोषणाओं की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कर रहे थे। बैठक में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने आईएमटी मानेसर, बावल और कुंडली में फैक्ट्रियों में कार्यरत श्रमिकों के लिए डॉरमेट्री और सिंगल रूम यूनिट्स की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन औद्योगिक क्षेत्रों में श्रमिकों के लिए आवासीय आवश्यकता है, वहां संबंधित इंडस्ट्रियल एसोसिएशनों से विचार-विमर्श कर चरणबद्ध योजना तैयार की जाए, ताकि श्रमिकों को सुरक्षित और सुलभ आवास उपलब्ध कराया जा सके।
पराक्रम दिवस पर नेताजी को श्रद्धांजलि
पराक्रम दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने महान स्वतंत्रता सेनानी और आजाद हिंद फौज के संस्थापक नेताजी सुभाष चंद्र बोस को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने सेक्टर-3, चंडीगढ़ स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस पार्क में उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए कहा कि नेताजी के पराक्रम, नेतृत्व और त्याग ने देशवासियों में स्वतंत्रता की अलख जगाई। उन्होंने कहा कि आज देशवासी जो स्वतंत्र जीवन जी रहे हैं, वह ऐसे ही महान क्रांतिकारियों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है।
मुख्यमंत्री ने बैठक के दौरान बजट में की गई अन्य घोषणाओं की भी समीक्षा की। इनमें 10 नए आईएमटी विकसित करना, ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ कार्यक्रम को आगे बढ़ाना, आईएमटी मानेसर में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में जीरो वाटर वेस्टेज इंडस्ट्रियल एरिया विकसित करना, आईएमटी खरखौदा का विस्तार, अंबाला और महेंद्रगढ़ में आईएमटी की स्थापना, ‘मेक इन इंडिया’ की तर्ज पर ‘मेक इन हरियाणा’ कार्यक्रम, तथा गुरुग्राम में सांस्कृतिक केंद्र का निर्माण शामिल है।
