Haryana News: हरियाणा में PFML पोर्टल पर गलत जानकारी से छात्रों की स्कॉलरशिप अटकी, विभाग ने दिए सुधार के निर्देश
Mar 15, 2026, 09:36 IST
Haryana News: शिक्षा विभाग की ओर से अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों को मासिक छात्रवृत्ति दी जाती है। विभिन्न जिलों में बड़ी संख्या में छात्रों की छात्रवृत्ति अटक गई है क्योंकि पीएफएमएस पोर्टल पर गलत जानकारी देने से इनके आवेदन निरस्त हुए हैं। विभाग की ओर से तुरंत इन गड़बड़ियों को ठीक करने के निर्देश दिए गए हैं।
माध्यमिक शिक्षा महानिदेशक की ओर से सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को पत्र लिखकर त्रुटियों को ठीक करने के लिए कहा गया है। निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि वित्त वर्ष 2025-26 की पहली और दूसरी तिमाही के दौरान पात्र एससी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति वितरित की गई थी।
पीएफएमएस पोर्टल पर भुगतान की प्रक्रिया के दौरान कई जिलों के कुछ विद्यार्थियों का डाटा संबंधित बैंकों द्वारा रिजेक्ट कर दिया गया, जिस कारण उन्हें छात्रवृत्ति का लाभ नहीं मिल पाया।
इस संबंध में पहले भी 17 फरवरी, 23 फरवरी और 27 फरवरी को पत्र जारी कर जानकारी मांगी गई थी, लेकिन अभी तक सभी जिलों से संशोधित जानकारी मुहैया नहीं करवाई गई है।
निदेशालय की ओर से स्पष्ट हिदायत दी गई है कि प्रत्येक जिले से संबंधित विद्यार्थियों का डाटा बैंक पासबुक की प्रति से मिलान कर सही किया जाए और निर्धारित प्रोफार्मा में भिजवाया जाए। यदि विद्यार्थियों को समय पर छात्रवृत्ति का लाभ नहीं मिलता है तो इसके लिए संबंधित जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के सहायक तथा विद्यालय मुखिया जिम्मेदार माने जाएंगे।
