Haryana News: हरियाणा में 10 हजार की रिश्वत लेते सहकारी समिति का सैल्समेन गिरफ्तार, MCL कार्ड की सीमा बढ़ाने की एवज में मांगी थी रिश्वत
हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, रोहतक की टीम ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए सहकारी समिति गांव भैंसवाल कालां, जिला सोनीपत में कार्यरत सैल्समैन सुभाष (उम्र 56 वर्ष) निवासी गांव कटवाल, जिला सोनीपत को 10,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, रोहतक में अभियोग संख्या 05 दिनांक 20.02.2026, धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
*मामले का विवरण :*
शिकायतकर्ता, जो खेतीबाड़ी का कार्य करते हैं, ने ब्यूरो को दी गई शिकायत में बताया कि उनके पास लगभग 3 एकड़ भूमि है तथा उन्होंने सहकारी समिति भैंसवाल से एमसीएल कार्ड बनवाया हुआ है, जिसकी ऋण सीमा 60,000 रुपये निर्धारित है। शिकायतकर्ता उक्त सीमा को बढ़वाना चाहता था। 17 फरवरी 2026 को जब वह इस संबंध में सहकारी समिति भैंसवाल में सैल्समैन सुभाष से मिला, तो आरोपी ने एमसीएल कार्ड की सीमा बढ़ाने की एवज में 15,000 रुपये रिश्वत की मांग की। बातचीत के उपरांत 10,000 रुपये में सौदा तय हुआ। शिकायत प्राप्त होने पर ब्यूरो द्वारा कानूनी कार्रवाई करते हुए निरीक्षक जगजीत सिंह, उप-केन्द्र सोनीपत के नेतृत्व में रेडिंग टीम गठित की गई। योजनाबद्ध कार्रवाई के दौरान आरोपी को 10,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी से बरामद राशि को नियमानुसार जब्त किया गया है तथा मामले की गहन जांच जारी है।
*निदेशक का वक्तव्य :*
डॉ. ए.एस. चावला, निदेशक, राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, हरियाणा ने स्पष्ट कहा कि भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि ब्यूरो द्वारा भ्रष्टाचार के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निष्पक्ष एवं गंभीरतापूर्वक कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि प्रदेश को भ्रष्टाचार मुक्त बनाया जा सके। उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि कोई भी अधिकारी या कर्मचारी सरकारी कार्य करने की एवज में रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना तुरंत हरियाणा एंटी करप्शन ब्यूरो के टोल फ्री नंबर 1800-180-2022 या हेल्पलाइन नंबर 1064 पर दें।
