Haryana News: हरियाणा में रिटायर्ड BSF सब इंस्पेक्टर की हत्या, आरोपियों ने धारदार हथियार से किया हमला
सोशल मीडिया पर इस घटना का एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में मृतक कलम सिंह एक युवक के पिटने से छुड़वाते नजर आ रहे हैं। इसके बाद हमलावर कलम सिंह पर तेजधार हथियार से हमला कर देते हैं। जिससे कलम सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
नामजद आरोपियों पर केस दर्ज
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। अर्बन एस्टेट थाना पुलिस ने इस मामले में 2 नामजद आरोपियों समेत तीन अन्य के खिलाफ धारा 103(1) सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
'अमन प्रॉपर्टी' नाम से कार्यालय खोला था
लाडवा निवासी कश्मीरी सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके बड़े भाई कलम सिंह बीएसएफ से सब इंस्पेक्टर पद से रिटायर हुए थे। वह हिसार की दयानंद कॉलोनी में परिवार के साथ रहते थे। उन्होंने सेक्टर 9-11 में मुन्ना स्वीट्स के सामने 'अमन प्रॉपर्टी' नाम से अपना कार्यालय खोला हुआ था।
धारदार हथियार से किया हमला
शिकायतकर्ता के मुताबिक 22 फरवरी की शाम वह किसी काम से भाई के दफ्तर गए थे। कलम सिंह ने कहा कि वह मु्न्ना स्वीट्स से कुछ खाने का सामान लेकर आते हैं। थोड़ी देर बाहर शोर सुनाई दिया। बाहर जाकर देखा तो 9-11 मोड़ पर झगड़ा हो रहा था, जहां 5 युवक कलम सिंह पर धारदार हथियार से हमला कर रहे थे। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर हालत में परिजनों ने कलम सिंह को अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
