Haryana News: हरियाणा में पुलिसकर्मी की बेटी ने की आत्महत्या, सिरसा CDLU की छात्रा थी
Haryana News: हरियाणा के सिरसा की चौधरी देवीलाल यूनिवर्सिटी की छात्रा ने बुधवार को आत्महत्या कर ली। छात्रा पंजाब के मानसा जिले की रहने वाली थी और सिरसा में पीजी में रहती थी। छात्रा का शव कमरे में पंखे से चुनरी से लटका मिला। छात्रा के पिता सिरसा सिविल लाइन थाने में एसपीओ हैं।
पीजी ऑनर का कहना है कि बुधवार सुबह 9 बजे छात्रा पीजी से खाना खाकर यूनिवर्सिटी के लिए गई थी। लेकिन कुछ देर बाद ही वह लौट आई थी। इसके बाद वह कमरे में चली गई। लंच के समय पीजी की कुक ने उसका दरवाजा खटखटाया तो कोई जवाब नहीं मिला। कई बार दरवाजा खटखटाने पर भी कोई हलचल नहीं हुई तो उसने कमरे में लगी खिड़की से देखा तो छात्रा पंखे से फंदे पर लटकी थी।
कुक ने शोर मचाकर पीजी ऑनर को बताया। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजे का लॉक तोड़कर देखा तो छात्रा फंदे पर लटकी हुई थी। इसके बाद छात्रा को फंदे से उतारकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में पढ़ाई के तनाव की बात सामने आई है। लेकिन पुलिस प्रेम प्रसंग सहित कई अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है। परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज किए जा रहे है।
