Haryana News: राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई, नगर निगम लिपिक को रिश्वत लेते रंगे हाथों किया गिरफ्तार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता पेशे से अधिवक्ता है और सेक्टर-12 फरीदाबाद स्थित न्यायालय में प्रैक्टिस करता है। उसके पड़ोसी आकाश पुत्र चन्द्रशेन ने विवाह प्रमाण पत्र बनवाने के लिए अपने आवश्यक दस्तावेज शिकायतकर्ता को सौंपे थे। शिकायतकर्ता द्वारा संबंधित दस्तावेज संलग्न कर नगर निगम फरीदाबाद में ऑनलाइन आवेदन किया गया।
निर्धारित अपॉइंटमेंट के अनुसार आज जब शिकायतकर्ता, आवेदक आकाश, उसकी पत्नी श्रीमती वेदिका एवं गवाह नगर निगम कार्यालय पहुंचे, तो संबंधित लिपिक मोनिका भाटिया ने आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करने के बाद विवाह प्रमाण पत्र जारी करने के नाम पर 2,000 रुपये की रिश्वत की मांग की।
शिकायत मिलने पर एसवी एंड एसीबी, फरीदाबाद की टीम ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए आरोपी लिपिक को उसके कार्यालय में शिकायतकर्ता से रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। मौके से रिश्वत की राशि बरामद कर ली गई है।मामले की जांच जारी है।
