Haryana News: हरियाणा में ACB की बड़ी कार्रवाई, रजिस्ट्री क्लर्क रिश्वत लेते रंगेहाथों गिरफ्तार 

 
Haryana news
Haryana News: हरियाणा के चरखी दादरी में 1 रजिस्ट्री क्लर्क को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए ACB की टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी चरखी दादरी के लघु सचिवालय से पकड़ा गया है। आरोपी ने जमीन की रजिस्ट्री से आपत्ति हटाने के लिए पैसों की डिमांड की थी। जिसकी शिकायत पर एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने यह कार्रवाई की है।

ACB रोहतक को शिकायत मिली थी कि दादरी लघु सचिवालय में तैनात रजिस्ट्री क्लर्क 1 जमीन की रजिस्ट्री में लगी आपत्ति को हटाने के लिए 5 हजार रुपये की रिश्वत की मांग कर रहा है। जिस पर निरीक्षक संजीव कुमार के नेतृत्व में टीम दादरी पहुंची।

क्लर्क ने की 7 हजार रुपए की मांग

शिकायतकर्ता प्रीतम कुमार ने ACB को दी शिकायत में बताया कि गांव छपार में 378 वर्गगज के प्लॉट रजिस्ट्री करवाना चाहता था। क्लर्क अनिल शर्मा ने उससे 7 हजार रुपये मांगे थे। बार-बार परेशान करने पर ACB रोहतक में शिकायत कर दी।

रोहतक ACB टीम इंचार्ज इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने शिकायतकर्ता को रुपए देकर क्लर्क को देने के लिए कहा था। दोपहर करीब 1 बजे टीम ने आरोपी को 5 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।

टीम ने शिकायतकर्ता को दिए केमिकल लगे नोट

इस दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट के तौर पर रोहतक शुगर मिल की प्रबंधक  निदेशक श्वेता सुहाग मौजूद रहीं। टीम ने शिकायतकर्ता को केमिकल लगे 5 हजार रुपए देकर रजिस्ट्री क्लर्क के पास भेजा। इशारा मिलते ही टीम ने रजिस्ट्री क्लर्क को गिरफ्तार कर लिया।