Haryana News: हरियाणा में ACB की बड़ी कार्रवाई, ASI को 5 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों किया गिरफ्तार
Haryana News: राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB), रोहतक ने भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एएसआई पवन कुमार नं. 865/सोनीपत (उम्र 45 वर्ष), पुत्र श्री इंदर सिंह, निवासी गाँव जबाला, जिला करनाल, जो थाना HSIIDC बडी, जिला सोनीपत में तैनात है, को 5,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस संबंध में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, रोहतक में धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी गई है।
मामला इस प्रकार है
शिकायतकर्ता श्री प्रमोद पुत्र श्री जय किशन, निवासी गाँव गढ़ी केसरी, तहसील गन्नौर, जिला सोनीपत ने एंटी करप्शन ब्यूरो, रोहतक को शिकायत दी कि उसके तथा उसके बेटे के खिलाफ लड़ाई-झगड़े के संबंध में थाना HSIIDC बडी, जिला सोनीपत में मुकदमा संख्या 06 दिनांक 03.01.2026 धारा 351(3), 3(5), 126, 115 BNS के तहत दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता के अनुसार दिनांक 05.03.2026 को वह और उसका बेटा थाना HSIIDC बडी जाकर अपनी कच्ची जमानत करवा चुके थे। इसके बाद दिनांक 10.03.2026 को मामले के जांच अधिकारी एएसआई पवन कुमार ने फोन कर उससे उक्त मुकदमे में राहत देने तथा उसके बेटे का नाम अभियोग से निकालने के बदले 10,000 रुपये रिश्वत की मांग की।
शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन ब्यूरो, रोहतक ने इसकी प्रारंभिक जांच की और शिकायत सही पाए जाने पर अभियोग संख्या 08 दिनांक 12.03.2026 धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके उपरांत निरीक्षक फतेह सिंह, राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, उप केंद्र झज्जर के नेतृत्व में एक रेडिंग टीम गठित की गई। टीम द्वारा योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए आरोपी एएसआई पवन कुमार को 5,000 रुपये रिश्वत लेते हुए थाना HSIIDC बडी, जिला सोनीपत से रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।
भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस
डॉ. ए.एस. चावला, निदेशक, राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, हरियाणा ने कहा कि भ्रष्टाचार के प्रति सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति है और भ्रष्टाचार में लिप्त किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में नियमों के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने कहा कि ब्यूरो द्वारा भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और प्रदेश को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के लिए सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। डॉ. चावला ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि यदि कोई भी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी सरकारी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है तो इसकी सूचना तुरंत हरियाणा एंटी करप्शन ब्यूरो के टोल फ्री नंबर 1800-180-2022 अथवा 1064 पर दें। शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है।
