Haryana News: हरियाणा में बड़ा हादसा, पटाखा फैक्टरी में आग लगने से 6 की मौत

 
6 killed in firecracker factory fire
Haryana News: हरियाणा के जींद जिले के सफीदों में पटाखा फैक्टरी में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 6 की मौत हो गई है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए फैक्ट्री मालिक राकेश को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि जिस समय आग लगी उस समय फैक्टरी का मुख्य गेट बंद था और अंदर काम कर रही महिलाएं बाहर नहीं निकल सकें। 

अब तक इतने लोगों की गई जान

जानकारी के अनुसार, 7 मार्च को सफीदों शहर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि एक मकान नुमा पटाखा फैक्ट्री  में अचानक भीषण आग लग गई है. सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं. जब तक आग पर काबू पाया गया तब तक फैक्टरी के अंदर काम कर रही कई महिलाएं बुरी तरह झुलस चुकी थीं. 

राहत और बचाव कार्य के दौरान गंभीर रूप से झुलसी महिलाओं को तुरंत सफीदों के सामान्य अस्पताल और रोहतक के पीजीआईएमएस में भर्ती कराया गया, जहां चार महिलाओं को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था. वहीं अब इलाज के दौरान दो और महिलाओं की मौत हो गई है, जिससे हादसा और भी भयावह हो गया.

जांच शुरू
 
इस मामले में मृतका गुड्डी के बेटे विजय के बयान पर सफीदों शहर थाना में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फैक्टरी मालिक राकेश निवासी सफीदों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है.