Haryana News: हरियाणा के इन 9 कांग्रेस विधायकों पर गिर सकती है गाज !, देखें पूरी लिस्ट
राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस की तरफ से करमवीर बौद्ध और बीजेपी की तरफ से संजय भाटिया ने जीत दर्ज की है जबकि निर्दलीय प्रत्याशी सतीश नांदल चुनाव हार गए हैं। देर रात तक मतगणना को लेकर खींचतान चलती रही और काफी लेट जाकर नतीजे घोषित किये गए।
सूत्रों के मुताबिक BJP का जो वोट रद्द हुआ है, उस पर पेन से एक डॉट का निशान लगा हुआ था। हालांकि अभी यह सार्वजनिक नहीं हुआ है कि यह वोट किसका है। इनेलो के 2 विधायकों का वोटिंग से दूर रहना भी निर्णायक रहा। ये वोट निर्दलीय के पास जाते तो कांग्रेस की हार तय थी।
कुल 90 में 88 विधायकों ने वोट डाले। कांग्रेस के 4 और भाजपा का 1 वोट रद्द हो गया, जिसके चलते 83 वोट वैध माने गए। संजय भाटिया को पहली प्राथमिकता के 27.66 वोट मिले। निर्दलीय नांदल को 27.34 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के कर्मवीर बौद्ध को 28 वोट मिले। इस प्रकार, नांदल, बौद्ध से केवल 0.66 वोट, यानी एक वोट से भी कम अंतर से हार गए।
सूत्रों के मुताबिक बहुत ही कम मार्जिन से जीते कांग्रेस प्रत्याशी करमवीर बौद्ध के साथ पार्टी के ही कुछ विधायकों ने धोखा कर दिया। बताया जा रहा है कि 5 विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की जबकि 4 विधायकों के वोट कैंसिल हो गए।
सोशल मीडिया पर वायरल लिस्ट
हरियाणा राज्य सभा चुनवा में रद्द वोटो की सूची:-
1. गोकुल सेतिया (सिरसा, कांग्रेस)
2. मंजू चौधरी (नांगल चौधरी, कांग्रेस)
3. कुलदीप वत्स (बादली, कांग्रेस)
4. सतीश फागना (फरीदाबाद NIT, भाजपा)
5. परमवीर सिंह (टोहाना, कांग्रेस)
भरत सिंह बेनीवाल और इन्दूराज नरवाल उर्फ़ "भालू" ने गोपनीयता भंग कर वोट रद्द करने की कोशिश करी, मगर पूर्व CM एवं LoP Bhupinder Singh Hooda ने ऐन मौके पर उनकी पर्ची छीन कर उन्हें रोक लिया।
क्रॉस वोट:
1. मोहम्मद इजरायल (हथीन, कांग्रेस)
2. चौधरी इलियास (पुन्हाना, कांग्रेस)
3. शैली चौधरी (नारायणगढ़, कांग्रेस)
4. रेणु बाला (सढौरा, कांग्रेस)
5. जरनैल सिंह (रतिया, कांग्रेस)
पांच विधायकों ने की थी क्रॉस वोटिंग
राज्यसभा के चुनाव में कांग्रेस के पांच विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की है, जबकि चार विधायकों की वोट निरस्त हुई है। भाजपा की रणनीति यदि पूरी तरह से कामयाब होती तो क्रॉस वोटिंग करने व वोट निरस्त कराने वाले विधायकों का आंकड़ा एक दर्जन पार कर सकता था।
विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने संकेत दिए हैं कि उन्हें क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायकों के नाम मालूम हैं, लेकिन शिष्टाचार के नाते वे इन नामों का खुलासा नहीं कर रहे हैं। कांग्रेस हाईकमान को इन सभी नामों से अवगत करा दिया गया है।
रामकिशन गुर्जर ने पार्टी को कहा अलविदा
इस दौरान हरियाणा कांग्रेस के कार्यकारी प्रधान एवं पूर्व मुख्य संसदीय सचिव रामकिशन गुर्जर ने कांग्रेस पार्टी को अलविदा कह दिया है। उन्होंने मंगलवार सुबह ही प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के पास अपना इस्तीफा भेज दिया। रामकिशन गुर्जर नारायणगढ़ की कांग्रेस विधायक शैली चौधरी के पति हैं।

शैली चौधरी का नाम क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायकों की सूची में शामिल बताया जा रहा है। शैली चौधरी के अलावा रेणुबाला, मोहम्मद इसराइल, मोहम्मद इलियास और जरनैल सिंह के नाम भी क्रॉस वोटिंग करने वाले कांग्रेस विधायकों की सूची में बताए जा रहे हैं।
जिन विधायकों की वोट निरस्त हुई है, उनके नाम भी पार्टी प्रभारी बीके हरिप्रसाद व विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा को मालूम हैं, लेकिन उन्हें सार्वजनिक नहीं किया जा रहा है। उनके नाम भी कांग्रेस हाईकमान के पास भिजवा दिए गए हैं।
केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर के समधि रामकिशन गुर्जर
हरियाणा कांग्रेस के कार्यकारी प्रधान पद से इस्तीफा देने वाले पूर्व सीपीएस रामकिशन गुर्जर व शैली चौधरी की छोटी बेटी की शादी केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर के भतीजे उत्कर्ष चौधरी से हुई है। इसी रिश्तेदारी के जरिए भाजपा ने कांग्रेस की वोट में सेंध लगाने की तैयारी की।
हालांकि शैली चौधरी लगातार कांग्रेस विधायकों के साथ बनी रहीं और उनके साथ तीन दिन तक हिमाचल में भी रहीं। सूत्रों के मुताबिक पहले रामकिशन गुर्जर पार्टी छोड़ेंगे। उसके बाद कांग्रेस का रुख देखकर शैली चौधरी अगला कदम उठाएंगी। शैली को यदि कांग्रेस पार्टी से निकालती है तो उनकी विधायकी सुरक्षित रह सकती है, लेकिन खुद पार्टी छोड़ने की दशा में वे अयोग्य घोषित होंगी।
उन्हें उपचुनाव होने की दशा में भाजपा से टिकट दिलाने का भरोसा मिला है। हुड्डा सरकार में मुख्य संसदीय सचिव रहे रामकिशन गुर्जर का नाम नारायणगढ़ में एक पत्रकार के सुसाइड केस में आया था। इस केस में सेशन कोर्ट ने गुर्जर को चार साल की सजा सुना रखी है। अभी वे हाईकोर्ट से जमानत पर हैं। केस में नाम आने की वजह से गुर्जर 2019 में विधानसभा चुनाव नहीं लड़े और पत्नी शैली चौधरी को चुनाव जितवाया।
क्रॉस वोटिंग वाले विधायकों को बख्शेंगे नहीं
जिन विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की है, उनके खिलाफ हम कड़े से कड़ा एक्शन लेंगे। मेरे और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा के पास सभी के नाम हैं। पार्टी में अनुशासनात्मक कार्रवाई के तहत उनके खिलाफ एक्शन लिया जाएगा। भाजपा ने हमारे विधायकों को खरीदने की पूरी कोशिश की। हमारे पास उसकी रिकॉर्डिंग भी है। - बीके हरिप्रसाद, प्रभारी, हरियाणा कांग्रेस
