Haryana News: हरियाणा में स्वास्थ्य सेवाओं का होगा डिजिटलीकरण, CM सैनी करेंगे शुभारंभ
Haryana News: हरियाणा में हेल्थ जुड़ी प्रशासनिक प्रक्रियाएं अब आम लोगों और डॉक्टरों के लिए बहुत आसान होने वाली है। प्रदेश सरकार एक ऐसा इंटीग्रेटेड ऑनलाइन पोर्टल शुरू करने जा रही है, जिससे डॉक्टरों और स्वास्थ्य पेशेवरों को प्रमाण पत्र, पंजीकरण और अन्य जरूरी सेवाओं के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने होंगे।
हेल्थ मिनिस्टर आरती सिंह राव ने बताया कि यह पहल इस वजह से की जा रही है ताकि हेल्थ डिपार्टमेंट के कामकाज में पारदर्शिता आए और तकनीक का सही उपयोग हो सके। उन्होंने कहा कि डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी पहले ही मरीजों की सेवा में बिजी रहते हैं। ऐसे में कागजी औपचारिकताओं में उनका समय खराब होना उचित नहीं है।
पेशेवर डॉक्टरों को होगा फायदा
यह पोर्टल स्वास्थ्य पेशेवरों के लिए बनाया गया एक ऑल-इन-वन डिजिटल प्लेटफॉर्म है। इस प्लेटफॉर्म के जरिए डॉक्टर और अन्य स्वास्थ्यकर्मी अपने जरूरी डॉक्यूमेंट्स से जुड़े काम ऑनलाइन कर सकेंगे। अब आवेदन, जांच और प्रमाण पत्र जारी होने की पूरी प्रक्रिया इंटरनेट के जरिए होगी। हेल्थ मंत्री के मुताबिक, इस पोर्टल को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा।
कौन-कौन से प्रमाण पत्र मिलेंगे ऑनलाइन
इस पोर्टल के माध्यम से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी), गुड स्टैंडिंग सर्टिफिकेट और पंजीकरण प्रमाण पत्र जैसे जरूरी दस्तावेज डिजिटल रूप से जारी किए जाएंगे। ये प्रमाण पत्र सीधे डॉक्टर के पंजीकृत ई-मेल पर भेजे जाएंगे और तुरंत डाउनलोड किए जा सकेंगे। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि पोर्टल से मिलने वाले सभी प्रमाण पत्र डिजीलॉकर से भी जुड़े होंगे।
मोबाइल एप और एआई की तैयारी
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इस पोर्टल का मोबाइल ऐप भी लॉन्च किया जाएगा ताकि डॉक्टर कहीं से भी अपने काम निपटा सकें। इसके अलावा सरकार इसे एआई-सक्षम बनाने की योजना पर भी काम कर रही है।
