Haryana News: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड का फैसला, अब दूसरे गांव बोर्ड परीक्षा देने नहीं जाएंगी बेटियां

 
Haryana news
 Haryana News: प्रदेश में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड इस बार अच्छी पहल करने जा रहा है। 10वीं-12वीं की बोर्ड परीक्षा देने के लिए अब बेटियों को दूसरे गांव नहीं जाना पड़ेगा। जिन गांवों में बोर्ड परीक्षा देने वाली छात्राओं की संख्या 100 से अधिक है, उनके लिए गांव में ही परीक्षा केंद्र बनेगा। इसके लिए बोर्ड ने खाका तैयार कर लिया है।
ऐसे गांवों में स्कूलों से विशेष रूप से सूची मंगाई गई है, जहां पर परीक्षा देने वाली लड़कियां (छात्राएं) 100 से अधिक हैं। साथ ही जिन गांवों में इससे कम छात्राएं हैं तो उनके परीक्षा केंद्र भी गांव के समीप ही बनेंगे।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (भिवानी) की 10वीं और 12वीं वार्षिक परीक्षाएं इस वर्ष 25 फरवरी 2026 से शुरू होंगी। 12वीं की परीक्षा 25 फरवरी से शुरू होकर 1 अप्रैल तक चलेगी। इसके साथ ही 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा 26 फरवरी से 20 मार्च 2026 तक चलेगी। इस वर्ष 5.21 लाख से अधिक विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। पिछले साल के मुकाबले 56,468 अधिक छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे।
छात्राओं की सुरक्षा व उनकी परेशानी को देखते हुए निर्णय लिया गया कि जिन गांवों में परीक्षा देने वाली छात्राओं की संख्या न्यूनतम 100 या उससे अधिक है, तो उनके गांव में ही परीक्षा केंद्र बना दिया जाएगा। दूसरे गांव या शहर में परीक्षा देने नहीं जाना होगा। — *डॉ. धर्मवीर, चेयरमैन, शिक्षा बोर्ड, भिवानी**
परीक्षाएं शांति पूर्वक व अच्छे माहौल में करवाने के लिए बोर्ड द्वारा इस बार सराहनीय कदम उठाए जा रहे हैं। नकल रोकने के लिए ये की है पहल : बोर्ड परीक्षा में नकल रोकने के लिए परीक्षाओं पर क्यूआर कोड होंगे।
 इसके साथ ही सख्त निगरानी भी रहेगी। साथ ही इस बार कोशिश की गई है कि परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा ड्यूटी देने वाले प्राइवेट स्कूलों से न हों और न ही उनके अपने क्षेत्र में ड्यूटी लगे। परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची बनाने में बोर्ड अधिकारी लगे हैं।