Haryana News: हरियाणा बिजली निगमों ने कर्मचारियों के लिए बनाया व्हाट्सएप ग्रुप, जानें क्या है उद्देश्य

 
Haryana Electricity Corporations created WhatsApp group for employees
Haryana News: हरियाणा में बिजली व्यवस्था को और अधिक सुचारु व जवाबदेह बनाने के लिए दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम और उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम ने फील्डस्तर पर कार्यरत कर्मचारियों को व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़ने का फैसला लिया है। हर सर्कल में तकनीकी और लिपिकीय कर्मचारियों का एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जाएगा और संबंधित पर्यवेक्षक को उसका एडमिन बनाया जाएगा।

अब तक बिजली निगमों में सूचनाएं अलग-अलग माध्यमों से भेजी जाती थीं। कई बार जरूरी निर्देश समय पर फील्ड स्टाफ तक नहीं पहुंच पाते थे। लाइन फॉल्ट, ट्रांसफार्मर खराबी, अचानक बिजली कटौती या उपभोक्ताओं की शिकायतों के समाधान में देरी देखने को मिलती थी। ग्रुप का उद्देश्य तत्काल सूचनाएं साझा करना, निर्देशों को तुरंत पहुंचाना और फील्ड स्तर पर सीधा संवाद स्थापित करना है। इस पहल से शिकायतों पर तुरंत प्रतिक्रिया संभव हो पाएगी। 

आपात स्थिति में आदेश सीधे फील्ड तक पहुंचेंगे और कार्रवाई तेज होगी। कार्यों की निगरानी आसान बनेगी और जवाबदेही स्पष्ट होगी। कुल मिलाकर यह कदम बिजली सेवाओं को अधिक प्रभावी, समन्वित और उपभोक्ता हितैषी बनाने की दिशा में अहम माना जा रहा है।