Haryana News: हरियाण सीएम ने स्टेट प्रगति डैशबोर्ड की बैठक में 75 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली परियोजनाओं की समीक्षा की
मुख्यमंत्री ने कहा कि 75 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली सभी प्रमुख परियोजनाओं को स्टेट प्रगति डैशबोर्ड पर अनिवार्य रूप से अपलोड किया जाए, जिससे विभिन्न स्तरों पर उनकी रियल-टाइम मॉनिटरिंग सुनिश्चित हो सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि गुणवत्ता और निर्माण कार्यों को समय पर पूरा करवाने के लिए लगातार निगरानी की जाए।
सैनी ने परियोजनाओं में देरी पर कड़ा संज्ञान लेते हुए कहा कि जिन एंजेसियों को निर्माण कार्य अलॉट किए गए है उन कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन एजेंसियों की वजह से निर्माण कार्यों में विलंब हो रहा है, उनके विरुद्ध निर्धारित नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाए।
बैठक में टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग तथा शहरी स्थानीय निकाय विभाग से संबंधित आठ मेगा परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को इन परियोजनाओं को तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को इनका लाभ शीघ्र मिल सके।
