Haryana News: हरियाणा के 20 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, कमरों से लेकर मैदानों तक की जांच
Jan 28, 2026, 18:46 IST
Haryana News: हरियाणा में बुधवार को 20 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इनमें 13 स्कूल साइबर सिटी गुरुग्रम के और 7 स्कूल करनाल के शामिल है। धमकी भरे ईमेल से स्कूल प्रशासन में हड़कंप मच गया। उन्होंने तुरंत पुलिस प्रशासन को इसकी जानकारी दी।
मैसेज मिलते ही अभिभावक स्कूल पहुंचे और अपने बच्चों को घर ले गए। कुछ बच्चों को स्कूलों की ओर से तुरंत बसों में बैठाकर उन्हें घर भेजा गया। सूचना मिलते ही पुलिस और बम स्क्वायड टीम ने स्कूलों की जांच की।

गुरुग्राम और करनाल जिलों में भेजी गई ईमेल सामने आई है। ईमेल में खालिस्तान और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी के नाम का जिक्र किया है। अंबर दुरहम नाम से आई इस ईमेल में लिखा है-
हरियाणा इज खालिस्तान। बॉम्ब ब्लास्ट@1:11पीएम इन करनाल स्कूल्स। सीएम नायब सैनी, इफ हरियाणा नीड्स वाटर, सपोर्ट खालिस्तान रेफेरेंडम। यानि हरियाणा खालिस्तान है। करनाल के स्कूलों में बम धमाका 1 बजकर 11 मिनट पर होगा। यदि हरियाणा को पानी चाहिए, खालिस्तान का सपोर्ट करो।
