Haryana News: हरियाणा के भिवानी में एडीसी ने लगाया समाधान शिविर, शिकायतों के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
भिवानी, 03 अगस्त। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार जिला मुख्यालय व उपमंडल स्तर पर प्रत्येक सोमवार एवं वीरवार को समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सोमवार को स्थानीय लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए हॉल में समाधान शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर की अध्यक्षता डीडीपीओ सोमबीर कादयान ने की। डीडीपीओ ने नागरिकों की विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं सुनी और शिकायतों का समयबद्ध त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए। डीडीपीओ ने कहा कि समाधान शिविरों का उद्देश्य आमजन को एक ही छत के नीचे विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान उपलब्ध कराना है।
डीडीपीओ के समक्ष गांव हालुवास निवासी उदयवीर ने खेत में रास्ता दिलवाने की शिकायत दी, इस पर डीडीपीओ ने संबंधित विभाग को निर्देश दिए त्वरित समाधान किया जाए और दोबारा से इसे शिकायत का मौका ना दिया जाए। इसी प्रकार से गांव गुजरानी निवासी रमेश ने एक निजी अस्पताल में उपचार में लापरवाही की जांच करवाने, गांव हालुवास निवासी प्रेम ने पुलिस कार्रवाई करवाने, भगवान दास ने दादरी गेट स्थित ढ़ाणा रोड़ गली नंबर-5,8,9 में नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करवाने, गली नंबर-9 को निनान बूस्टर से जोड़ने तथा नियमित रूप से पानी के टैंकर भिजवाने, न्यू डिफेंस कॉलोनी निवासी मनीष ने इलाज के लिए आर्थिक सहायता दिलवाने, जयदीप ने गली में खड़े बरसाती पानी की निकासी करवाने, गैर सरकारी सदस्य सुनील वर्मा नंबरदार ने पुराना बस स्टैंड स्थित कुम्हारों का मोहल्ला व वार्ड नंबर-6 में ट्रांसफार्मर व बिजली केबल बदलवाने, अनिल सोलंकी ने रोहतक गेट से देवसर चुंगी तक वन विभाग द्वारा पौधारोपण करवाने की मांग डीडीपीओ के समक्ष रखी।
डीडीपीओ के समक्ष समस्त ढ़ाणा नरसाण निवासियों ने श्री ज्योति पावर प्लांट से फैल रहे कथित वायु एवं जल प्रदूषण की जांच करवाने, गोविंद राम ने लोहड़ बाजार एवं हालू बाजार क्षेत्र में पेयजल सप्लाई का प्रेशर बढ़वाने, गांव बडाला निवासी मनदीप ने कॉप्रेटिव बैंक प्रबंधक द्वारा मानसिक परेशान करने बारे, गांव निमड़ीवाली निवासियों ने सार्वजनिक भूमि से अवैध कब्जे हटवाने, गांव रतेरा निवासी राज कुमार ने तालाब से अवैध कब्जा हटवाने, गांव जाटू लोहारी निवासी श्रीकृष्ण ने मेरी फसल-मेरा ब्यौरा योजना के तहत गेहूं फसल का भुगतान दिलवाने, जाटू लोहारू निवासी मांगेराम ने रास्ते से अवैध कब्जे हटवाने, ब्रह्मïा कॉलोनी निवासी पिंकी देवी ने बिजली लाइन बदलवाने तथा गांव नांगल निवासी मनोज कुमार ने परिवार पहचान पत्र दुरूस्त करवाने की शिकायत डीडीपीओ के समक्ष रखी।
डीडीपीओ सोमबीर कादयान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से समाधान किया जाए तथा पात्र लाभार्थियों को सरकार की योजनाओं का लाभ बिना किसी अनावश्यक देरी के उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन की संतुष्टि ही समाधान शिविरों का आधार है। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी के अलावा गैर सरकारी सदस्य केके ग्रोवर, रामकिशन हलवासिया तथा अजीत शेखावत भी मौजूद रहे।
