Haryana News: हरियाणा के कंथला गांव में बनेगा नया ओवरब्रिज, मंत्री श्रुति चौधरी ने 850 लाख रुपये की दी मंजूरी
Haryana News: हरियाणा सरकार ने कंथला गांव के लोगों को बड़ी सौगात दी है। हरियाणा विधानसभा के चल रहे बजट सत्र के दौरान सिंचाई और जल संसाधन मंत्री श्रीमति श्रुति चौधरी ने सदन को अवगत कराया कि कंथला गांव में एक नए ओवरब्रिज के निर्माण के लिए प्रशासनिक मंजूरी दी गई है।
मंत्री श्रुति चौधरी ने बताया कि इस नए ओवरब्रिज बनने पर कुल 850.00 लाख रुपये की लागत आएगी। वर्तमान में संबंधित विभाग द्वारा पुल का अत्याधुनिक डिजाइन और डिटेल्ड एस्टीमेट तैयार किया जा रहा है। कंथला से मलिकपुर रोड पर मौजूदा पुल पर ट्रैफिक जाम को देखते हुए सरकार ने इसकी क्षमता बढ़ाने का फैसला लिया है। अब नया पुल 7.5 मीटर की बढ़ी हुई सड़क चौड़ाई के साथ बनाया जाएगा। इससे ट्रैफिक जाम की समस्या से छुटकारा मिलेगा।
30 जून 2027 तक लक्ष्य
सिंचाई मंत्री ने सदन को आश्वस्त किया कि सरकार द्वारा इस परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य़ पूरा करने के लिए 30 जून, 2027 तक की समय सीमा तय की गई है। इस घोषणा के बाद पिहोवा और आसपास के गांवों के लोगों में खुशी की लहर है।
