Haryana News: हरियाणा में 9 नए उप स्वास्थ्य केंद्र और एक केंद्र को पीएचसी में अपग्रेड करने की मिली मंजूरी, देखें पूरी लिस्ट

 
Haryana News: हरियाणा में 9 नए उप स्वास्थ्य केंद्र और एक केंद्र को पीएचसी में अपग्रेड करने की मिली मंजूरी, देखें पूरी लिस्ट

 

  

चंडीगढ़, 21 अगस्त - हरियाणा सरकार ने प्रदेश के ग्रामीण अंचलों में चिकित्सा ढांचा मजबूत करने और दूरदराज के क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। राज्य की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश में 9 नए उप स्वास्थ्य केंद्र खोलने और 1 उप स्वास्थ्य केंद्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में अपग्रेड करने की मंजूरी प्रदान की है।

 

इस निर्णय का सबसे बड़ा लाभ नूंह (मेवात) जिले को मिला है, जहाँ 7 नए उप स्वास्थ्य केंद्र खोले जाएंगे। इनमें गांव रानिका, देवला नंगली, महुं, गौधोला, लफुरी, बड़ेड और चीला गांव शामिल हैं। इसके अलावा रेवाड़ी जिला के गांव भांडोर तथा सिरसा जिला के गांव मोचीवाली में भी एक-एक नया उप स्वास्थ्य केंद्र खोला जाएगा। वहीं, गुरुग्राम जिले के गांव रणसीका स्थित मौजूदा उप स्वास्थ्य केंद्र का दर्जा बढ़ाकर उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में तब्दील किया जाएगा।

 

स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि सरकार का मुख्य उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक बेहतर इलाज की सुविधा पहुंचाना है। नूंह जैसे विकास की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र में 7 नए केंद्र बनने से वहां मातृ-शिशु देखभाल, नियमित टीकाकरण और प्राथमिक उपचार की पहुंच आसान होगी। दूसरी ओर, रणसीका में पीएचसी बनने से गुरुग्राम के इस ग्रामीण इलाके में डॉक्टरों की उपलब्धता, बुनियादी जांच और 24 घंटे आपातकालीन प्राथमिक सेवाएं मिल सकेंगी, जिससे ग्रामीणों को बड़े शहरों के चक्कर काटने से मुक्ति मिलेगी। यह फैसला राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सा बुनियादी ढांचे को नई मजबूती प्रदान करेगा।