Haryana News: हरियाणा में जल्द होगी 450 नए डॉक्टरों की भर्ती, स्वास्थ्य मंत्री ने किया ऐलान

 
haryana news
Haryana News: हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि जल्द ही प्रदेश में नए 450 डॉक्टरों की भर्ती की जाएगी , भविष्य में प्रदेश में डॉक्टरों की कमी नहीं रहने दी जाएगी।

स्वास्थ्य मंत्री आज हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान सदन के एक सदस्य द्वारा डॉक्टरों की कमी से संबंधित उठाए गए मुद्दे पर जवाब दे रही थी।

आरती सिंह राव ने कहा कि वर्तमान सरकार ने मात्र एक वर्ष में 1400 से ज्यादा डॉक्टरों की भर्ती की है जबकि वर्ष 2014 से पहले शायद एक साल में इतने ज्यादा डॉक्टर कभी भी नहीं लगाए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश में जहां -जहां आवश्यकता होगी, वहां -वहां डॉक्टरों की नियुक्ति की जाएगी। वर्तमान सरकार के कार्यकाल में एनएचएम के माध्यम से 150 स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की भर्ती की गई है और  पीजी डिग्री करके आये नए 150 डॉक्टरों की भर्ती भी जल्द ही की जाएगी। उन्होंने बताया कि आगामी समय में भी डॉक्टर एवं स्पेशलिस्ट की भर्ती की जाती रहेगी।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के लोगों को योग के प्रति प्रोत्साहित किया है। हरियाणा में भी राज्य सरकार योग को महत्व देकर प्रत्येक गांव में योग सहायक की नियुक्ति कर रही है ताकि प्रदेश की जनता स्वस्थ रह सके।