Haryana News: हरियाणा में भ्रष्टाचार मामले में 2 आरोपियों को 4-4 साल की सजा, 5,000 रुपये रिश्वत मांगने का था आरोप
Haryana News: हरियाणा में भ्रष्टाचार के 2 आरोपियों को कोर्ट ने 4-4 साल की सजा सुनाई है। राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, गुरूग्राम द्वारा दर्ज भ्रष्टाचार के मामले में माननीय सुनील चौहान, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, गुरूग्राम की अदालत ने आरोपी नवीन कुमार यादव, कार्यकारी अभियंता, सिंचाई विभाग, निर्माण मंडल संख्या-31, नहर कॉलोनी सेक्टर-16, गुरूग्राम तथा आरोपी चन्द्र शेखर, कम्प्यूटर ऑपरेटर (हरियाणा कौशल रोजगार निगम के अंतर्गत), गुरूग्राम को दोषी करार देते हुए धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत 4-4 वर्ष के कठोर कारावास एवं 5,000-5,000 रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है।
5,000 रुपये रिश्वत मांगने का था आरोप
अभियोजन पक्ष के अनुसार शिकायतकर्ता ने एच.ई.डब्ल्यू.पी. के ठेकेदारी लाइसेंस के पंजीकरण हेतु आवेदन किया था। इस कार्य के एवज में आरोपी नवीन कुमार यादव द्वारा शिकायतकर्ता से 5,000 रुपये की रिश्वत की मांग की गई। आरोपी चन्द्र शेखर को उक्त राशि लेते हुए राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, गुरूग्राम की टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया था।
2022 में दर्ज हुआ था मामला
इस संबंध में अभियोग संख्या 48 दिनांक 16.12.2022 को धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम तथा धारा 120-बी भारतीय दंड संहिता के तहत थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, गुरूग्राम में मामला दर्ज किया गया था। मामले की सुनवाई के उपरांत न्यायालय ने दोनों आरोपियों को दोषी पाते हुए उपरोक्त सजा सुनाई।
यह फैसला भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त संदेश देने के साथ-साथ पारदर्शिता एवं जवाबदेही की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
