Haryana: मार्केट कमेटी की टीमों ने किया औचक निरीक्षण, फीस चोरी पकड़ी, 95875 रुपये का लगाया जुर्माना
Apr 6, 2026, 22:02 IST
सिरसा, 06 अप्रैल: मार्केट कमेटी की टीमों द्वारा जिले की विभिन्न मंडियों और गोदामों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सरसों जौ खरीद में अनियमितताएं पाए जाने पर संबंधित आढ़तियों/व्यापारियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाया गया। उपायुक्त महोदय के निर्देशानुसार सिरसा में मार्केट कमेटी सचिव ने 6 स्थानों पर औचक निरीक्षण कर 2346 क्विंटल सरसों की 1,47,928 रुपये मार्केट फीस चोरी पकड़ते हुए 73,970 रुपये की पेनल्टी लगाई गई।
इसी प्रकार सचिव, मार्केट कमेटी डबवाली द्वारा 505 क्विंटल सरसों की खरीद में अनियमितता पाई गई, जिस पर 31,905 रुपये की मार्केट फीस और 7,976 रुपये की पेनल्टी लगाई गई।
एक अन्य मामले में 194 क्विंटल सरसों की 11,545 रुपये मार्केट फीस बनती पाई गई, जिस पर सचिव मार्केट कमेटी कालांवाली द्वारा 3,901 रुपये की पेनल्टी लगाई गई।
साथ ही सचिव मार्केट कमेटी डिंग टीम द्वारा 230 क्विंटल सरसों एवं 380 किलो जौ की खरीद में कमियां मिलने पर 20,063 रुपये मार्केट फीस तथा 10,028 रुपये की पेनल्टी लगाई गई।
डीएमईओ राहुल कुंडू ने बताया कि इस प्रकार विभिन्न मंडियों में कुल 3275 क्विंटल सरसों एवं 380 क्विंटल जौ की खरीद में अनियमितता पाए जाने पर कुल 2,11,441 रुपये की मार्केट फीस की चोरी पकड़ते हुए 95,875 रुपये की पेनल्टी लगाई गई है।
