Haryana: कुरुक्षेत्र मेले में मिलेंगी गाय-भैंसों की कई बेहतरीन नस्लें, पशुपालकों की आमदनी बढ़ाने पर सरकार का फोकस
सरकार का फोकस
कृषि एवं किसान कल्याण तथा पशुपालन एवं डेयरी मंत्री श्याम सिंह राणा ने बताया कि राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है कि पशुपालक बेहतर नस्ल के पशु पालें और वैज्ञानिक तरीकों को अपनाएं, जिससे वे कम लागत में अधिक मुनाफा कमा सकें। उन्होंने कहा कि पशुपालन रोज़गार और आय का बड़ा साधन बन चुका है।
41वीं राज्य स्तरीय पशु प्रदर्शनी
मंत्री राणा ने जानकारी दी कि इस मेले के दौरान 41वीं राज्य स्तरीय पशु प्रदर्शनी में लगभग 1,500 उच्च गुणवत्ता वाले पशु भाग लेंगे। इन पशुओं में दुधारू गायें, भैंसें और अन्य उपयोगी नस्लें शामिल होंगी, जिन्हें विशेषज्ञों द्वारा परखा जाएगा।
एक लाख लोग
मेले में पूरे हरियाणा से करीब एक लाख पशुपालकों, उद्यमियों और वैज्ञानिकों के पहुंचने की संभावना है। पशुपालन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यह मेला पशुपालकों को नई तकनीक सीखने, सरकारी योजनाओं की जानकारी लेने और आपस में अनुभव साझा करने का अच्छा मंच प्रदान करेगा।
निजी कंपनियों के स्टॉल
मेले के दौरान कई सरकारी विभाग अपनी जनकल्याण योजनाओं की जानकारी देने के लिए स्टॉल लगाएंगे। इसके साथ ही निजी कंपनियां भी पशुपालन से जुड़े अपने उत्पाद, चारा, दवाइयां और आधुनिक उपकरणों का प्रदर्शन करेंगी।
