Haryana: हरियाणा में भ्रष्टाचार पर बड़ी कार्रवाई, फरीदाबाद के एडिशनल SHO 40 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार
प्राप्त शिकायत के अनुसार शिकायतकर्ता, निवासी गांव छायंसा जिला फरीदाबाद, ने एसवी एंड एसीबी को बताया कि दिनांक 13.02.2026 को उसके ताऊ के पुत्र अपनी ईको कार से मार्केट से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी कार की मोटरसाइकिल सवार दो युवकों से टक्कर हो गई, जिससे मोटरसाइकिल सवारों को मामूली चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर ही दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से लिखित राजीनामा भी हो गया था।
शिकायतकर्ता के अनुसार अगले दिन उसके ताऊ के पुत्र को थाना छायंसा से सब-इंस्पेक्टर प्रदीप का फोन आया और उन्हें थाने बुलाया गया। जब शिकायतकर्ता और उसके ताऊ के पुत्र ने थाने पहुंचकर सब-इंस्पेक्टर प्रदीप को राजीनामा के दस्तावेज दिखाए, तो उसने राजीनामा मानने से इंकार कर दिया। आरोप है कि उसने उन्हें डराना-धमकाना शुरू कर दिया और मामले में कार्रवाई न करने तथा राजीनामा स्वीकार करने के बदले 40,000 रुपये रिश्वत की मांग की। आरोपी ने शिकायतकर्ता को आज रिश्वत की राशि देने के लिए बुलाया था।
शिकायत प्राप्त होने पर एसवी एंड एसीबी फरीदाबाद की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए जाल बिछाया। कार्रवाई के दौरान आरोपी उप-निरीक्षक प्रदीप को थाना छायंसा स्थित उसके कार्यालय में शिकायतकर्ता से 40,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।
मामले में आगे की जांच जारी है।
