Haryana: जींद में 23 खापों की महापंचायत, लिव-इन को लेकर उठाई ये मांग

 
 Haryana: जींद में 23 खापों की महापंचायत, लिव-इन को लेकर उठाई ये मांग

 

हरियाणा के जींद की कंडेला खाप महापंचायत में लिव-इन रिलेशन और समलैंगिक विवाह पर रोक लगाने की मांग की है। बीते रविवार को जींद में 23 खापों की महापंचायत हुई। जिसमें कई प्रस्ताव पास किए गए। साथ ही इस बैठक में बीजेपी सांसद कंगना रनौत के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया गया। 
 

लिव- रिलेशन पर रोक लगाने की मांग

खापों की ये महापंचायत लगभग 3 घंटे चली। महापंचायत में जिले की सभी 23 खापों के प्रतिनिधियों और विभिन्न जातियों के लोगों ने मंथन किया। इस दौरान लिव- इन रिलेशनशिप कानून को खत्म करने व समलैंगिक विवाह पर रोक लगाने मांग उठाई गई। साथ ही गांव-गुहांड में शादी करने का विरोध भी किया। 

वक्ताओं का कहना था कि ये व्यवस्थाएं भारतीय संस्कृति व पारंपरिक सामाजिक व्यवस्था के अनुरूप नहीं हैं। इसके कारण कई तरह के सामाजिक विवाद और अपराध सामने आ रहे हैं। इन कानून को रद्द करवाने के लिए सभी विधायकों, सांसदों को ज्ञापन दिए जाएंगे।


वहीं इस महापंचायत में भाजपा सांसद कंगना रनौत द्वारा जंतर-मंतर पर आंदोलन कर रही छात्राओं को गटर कल्चर की कहे जाने पर उनके खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया गया। उन्होनें कहा कि ट्रैक्टर, डीजे, गाड़ी या किसी भी दूसरे वाहन पर अश्लील गाने बजाने वालों का बहिष्कार किया जाएगा।

नशे के खिलाफ चर्चा करते हुए वक्ताओं ने कहा कि किसी भी गांव में कोई व्यक्ति अगर नशा बेचता पाया गया तो उसे पुलिस के हवाले किया जाएगा। साथ ही दहेज व मृत्यु भोज को खत्म करने की भी जरूरत है। क्योकिं समाज में दिखावे की होड़ ने कई परिवारों पर आर्थिक और सामाजिक दबाव बढ़ा दिया है।