Haryana : हरियाणा में वकील की हत्या, बार एसोसिएशन ने विरोध में आज वर्क किया सस्पेंड 

 
Lawyer brutally murdered in Haryana
Haryana : हरियाणा के झज्जर में वरिष्ठ वकील देवराज चाहर की हत्या से सनसनी फैल गई है। बताया जा रहा है कि देर रात वकील की हत्या चाकू मारकर कि गई है। मृतक की पहचान सिलानी गांव निवासी देवराज चाहर के रूप में हुई है, जो झज्जर की विजयलक्ष्मी सोसाइटी में रह रहा था। बताया जा रहा है कि देर रात अज्ञात हमलावरों ने देवराज चाहर पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपी वारदात के बाद मौके से फरार हो गए। 

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। घायल देवराज को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी हालत गंभीर होने के कारण उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया,जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रोहतक पीजीआई भेज दिया। इस घटना के बाद वकीलों में रोष देखने को मिला। झज्जर बार एसोसिएशन ने घटना के विरोध में कामकाज स्थगित करने का फैसला लिया। वकीलों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।