Haryana: चरखी दादरी गोलीकांड में घायल हुए कीर्तिमान की मौत, आरोपी ने किया बड़ा खुलासा 

 
 Haryana: चरखी दादरी गोलीकांड में घायल हुए कीर्तिमान की मौत, आरोपी ने किया बड़ा खुलासा 

 

 

 

 

 

हरियाणा के चरखी दादरी गोलीकांड में घायल हुए युवक की मौत हो गई। चरखी दादरी में थाने के सामने हुई 30 राउंड फायरिंग में घायल कीर्तिमान गुड़गांव के आर्टिमिस अस्पताल में भर्ती था, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। 

क्या है पूरा मामला ? 
जानकारी के अनुसार कीर्तिमान हिसार के टोकस गांव का रहने वाला था। कीर्तिमान पर हिसार में आजाद नगर सहित कई थानों में 10 से भी अधिक केस दर्ज है। बीते 6 अगस्त को कीर्तिमान अपने 6 साथियों के साथ स्कॉर्पियो गाड़ी में कोर्ट आया था। सातों लोग एक जमीनी केस में कोर्ट में पेशी के लिए आए थे।

इलाज के दौरान तोड़ा दम 

जैसे ही वह सभी कोर्ट से निकले तो दादरी शहर में सिटी थाने के सामने बाइक पर आए तीन बदमाशों ने उनपर गोलियों की बौछार कर दी। हमले के बाद आरोपी फरार हो गए। वहीं इस हमले में घायल सात लोगों को रोहतक के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। कीर्तिमान की हालत गंभीर होने पर उसे गुरुग्राम के आर्टिमिस अस्पताल शिफ्ट कर दिया गया। जहां रविवार को इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

कीर्तिमान को लगी 3 गोलियां 

इस हमले में कीर्तिमान को 3 गोलियां लगी। वही कृष्ण को 4, अमित फतेहगड़िया को 7, अंकित (मानकावास) को 4, अंकित को 2 गोली और दो अन्य के पैरों से छर्रे निकले थे। डॉक्टरों ने पांच घायलों का ऑपरेशन किया था। कीर्तिमान की हालत गंभीर होने पर उसे रोहतक पीजीआई से गुरुग्राम के निजी अस्पताल में शिफ्ट किया गया। जहां उसकी रविवार को मौत हो गई। वहीं घायलों में से चार अभी भी वेंटिलेटर पर हैं। 


आरोपी ने किया बड़ा खुलासा 
इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बदमाश रोहित कातिया को गिरफ्तार किया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अमित फतेहगड़ियां को मारने आए थे। वहीं पूछताछ में आरोपी रोहित कातिया ने पुलिस से कहा कि फायरिंग की पूरी प्लानिंग उन्होंने घटना से एक दिन पहले ही की थी। उसके साथ 2 अन्य साथी भी मौजूद थे। फिलहाल पुलिस की टीम अब गैंगवार में शामिल अन्य बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।