Haryana: नगर पालिका धारूहेड़ा का कनिष्ठ अभियंता 90 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

 
Junior Engineer of Municipal Corporation Dharuhera arrested
चंडीगढ़/रेवाड़ी, 26 फरवरी। राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, हरियाणा के उपकेन्द्र रेवाड़ी की टीम ने आज दिनांक 26.02.2026 को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी हरीश चन्द्र, कनिष्ठ अभियंता, नगर पालिका धारूहेड़ा, जिला रेवाड़ी को 90,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस संबंध में अभियोग संख्या 03 दिनांक 26.02.2026 धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम तथा धारा 308(2) बी.एन.एस. के तहत थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, गुरुग्राम में मामला दर्ज किया गया है।

शिकायतकर्ता राजबीर सिंह, जिला रेवाड़ी ने ब्यूरो को दी गई शिकायत में आरोप लगाया कि वह सरकारी निर्माण कार्य करता है। आरोपी कनिष्ठ अभियंता हरीश चन्द्र उससे नगर पालिका में कराए गए निर्माण कार्य के बिल तैयार करने के एवज में 1,00,000 रुपये रिश्वत की मांग कर रहा था।

शिकायत की पुष्टि उपरांत ब्यूरो की टीम ने योजनाबद्ध कार्रवाई की। शिकायतकर्ता को मांगी गई राशि के साथ आरोपी के पास भेजा गया। जैसे ही आरोपी ने शिकायतकर्ता से 90,000 रुपये रिश्वत के रूप में स्वीकार किए, टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से 90,000 रुपये रिश्वत राशि बरामद की गई है। मामले की जांच जारी है।

ब्यूरो द्वारा आमजन से अपील की जाती है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी/कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना तुरंत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, हरियाणा की हेल्पलाइन नंबर 1064 या 1800-180-2022 पर दें।