Haryana : हरियाणा से बिहार जाना होगा आसान, जल्द चलेंगी स्पेशल बसें

 
Traveling from Haryana to Bihar will become easier.
Haryana : हरियाणा से बिहार जानें वाले यात्रियों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है। छठ पूजा की तर्ज पर हरियाणा के शहरों से बिहार के लिए बस सेवा की शुरुआत होगी। इसके लिए बिहार के परिवहन विभाग ने हरियाणा परिवहन विभाग से संपर्क साधा है। अभी हरियाणा से फिलहाल कोई बस सेवा नहीं है। ऐसे में बिहार के लोगों को ट्रेन या फिर दिल्ली से जाने वाली बसों में सवार होकर जाना पड़ता है।

हालांकि छठ पूजा के दौरान बिहार सरकार ने हरियाणा के कई शहरों के लिए बस सेवा शुरू की गई थी। इससे लोगों को काफी फायदा हुआ था। वहीं, रेलवे की ओर से कई विशेष ट्रेनें भी चलाई गई थीं। छठ पूजा में पहली बार हरियाणा से बिहार के लिए बसें चलाई गई थी। ट्रायल सफल होने के बाद अब फिर से हरियाणा के उन शहरों में बसें चलाई जाएंगी जहां बिहार के लोगों की संख्या अधिक है। सबसे पहले गुरुग्राम से बस चलाने की योजना है। गुरुग्राम व उसके आसपास के जिलों में बड़ी संख्या में बिहार के लोग रहते हैं। उसके बाद दूसरे शहरों में भी बसें चलाई जा सकती हैं।

हरियाणा में मार्च तक पहुंचेगी ई बसें

हरियाणा के नौ शहरों में इलेक्ट्रिक बसें मार्च तक आ जाएगी। इसके लिए हरियाणा परिवहन विभाग ने प्रस्ताव तैयार कर दिया है। हरियाणा राज्य परिवहन विभाग के महानिदेशक प्रदीप कुमार ने बताया कि अगली परचेज कमेटी की बैठक में बस खरीद का प्रस्ताव आएगा। मंजूरी मिलने के बाद इलेक्ट्रिक बसें डिपो में पहुंच जाएगी। अभी हरियाणा के नौ शहरों में सिर्फ पांच-पांच इलेक्ट्रिक बसें भेजी गई थीं जबकि इन शहरों में 50-50 बसें भेजने का प्रस्ताव है। बीते विधानसभा सत्र के दौरान परिवहन मंत्री अनिल विज ने भी भरोसा दिलाया था कि बहुत जल्द शहरों में 45-45 बसें शहरों में भेजी जाएंगी।